दिनेश प्रताप सिंह ने जीत का दावा किया:बोले- सपा-कांग्रेस अपनी कंपनियों का विकास चाहते हैं, सहयोगियों का सम्मान करती है भाजपा
बांदा में राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने दावा किया कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में फिर पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता 24 घंटे जनता की सेवा में जुटे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की योजनाएं लोगों तक पहुंची हैं। 2024 के प्रदर्शन और बुंदेलखंड के विकास का जिक्र गुरुवार दोपहर 1 बजे सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में सिंह ने लोकसभा चुनाव 2024 में बुंदेलखंड में भाजपा के प्रदर्शन पर कहा कि उन्हें पार्टी का प्रदर्शन खराब नहीं लगता। उन्होंने कहा कि 2024 के प्रदर्शन के आधार पर ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों की सेवा कर रहे हैं। सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बुंदेलखंड में गुंडई, भ्रष्टाचार, लूट और डकैती पर अंकुश लगा है। उनके मुताबिक, अब लोग सम्मान के साथ कारोबार और अपना काम कर रहे हैं। एक्सप्रेसवे, पानी, इंफ्रास्ट्रक्चर, राशन, किसान सम्मान निधि और बेहतर इलाज जैसी सुविधाओं से बुंदेलखंड की पहचान विकसित इलाके के रूप में बनी है। सहयोगी दलों की हिस्सेदारी पर क्या बोले मंत्री निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद के बुंदेलखंड में तीन सीटों पर चुनाव लड़ने के बयान पर सिंह ने कहा कि वह भाजपा गठबंधन के हिस्सेदार हैं और उन्हें अपनी हिस्सेदारी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा में टिकट तय होने तक कार्यकर्ता नेतृत्व से टिकट मांगते हैं और गठबंधन के साथी भी अपनी हिस्सेदारी मांगते हैं। सिंह ने कहा कि भाजपा अपने सहयोगियों को सम्मान के साथ साथ रखेगी और अपनी जिम्मेदारी निभाएगी। सपा-कांग्रेस गठबंधन और राहुल गांधी पर तंज सपा-कांग्रेस गठबंधन में खींचतान और उसके 2027 तक टिकने के सवाल पर सिंह ने कहा कि गठबंधन का आधार पवित्र होता तो उसके चलने की उम्मीद की जा सकती थी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले भी ‘दो लड़कों’ और ‘बुआ-बबुआ’ का गठबंधन हुआ, लेकिन कोई सफल नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा-कांग्रेस गठबंधन का उद्देश्य जनता की सेवा नहीं, बल्कि अपनी-अपनी प्राइवेट लिमिटेड कंपनियों का विकास करना है। उनके मुताबिक, कोई ‘सैफई प्राइवेट लिमिटेड कंपनी’ तो कोई ‘नेहरू-गांधी खानदान प्राइवेट लिमिटेड कंपनी’ के लिए काम कर रहा है। सिंह ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य ‘सबका साथ, सबका विकास’ है। कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के राहुल गांधी को भाजपा को हराने की एकमात्र गारंटी बताने के बयान पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी खुद दूसरे की बैसाखी के सहारे खड़े हैं। न वह अपनी योग्यता से सांसद बने हैं और न अपनी मेहनत से। दूसरे की बैसाखी हटने पर वह खुद गिर जाएंगे। ओबीसी आरक्षण, मायावती और नए गठबंधनों पर टिप्पणी संविधान दिवस पर प्रधानमंत्री के ओबीसी आरक्षण को लेकर दिए गए बयान के संबंध में उन्होंने कहा कि विपक्ष की राजनीति बांटो और राज करो की है। आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस समाज को बांटकर राजनीति करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी जनप्रतिनिधि यह नहीं कह सकता कि वह कुछ लोगों का काम करेगा और कुछ का नहीं। देश में सबका साथ, सबका विकास ही आगे बढ़ेगा। बसपा प्रमुख मायावती और ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन पर उन्होंने कहा कि मायावती पुरानी नेता हैं और कई बार प्रदेश की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। वह अपना काम कर रही हैं। संविधान में हर दल और व्यक्ति को अपनी राजनीतिक गतिविधियां चलाने की स्वतंत्रता है। वहीं ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन को उन्होंने 'न्यूली बॉर्न' बताते हुए कहा कि दोनों नेता मेहनत करें, परिश्रम करें और जनता की सेवा करें। जनता खुश होगी तो उसके परिश्रम का प्रतिफल भी मिल सकता है। सर्किट हाउस में की बैठकें राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने बांदा प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर निकाय अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख और संगठन के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक का कार्यक्रम रहा। उन्होंने कोर कमेटी की बैठक के साथ जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा भी की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)