भारत में बैन हुई फवाद खान की वेब सीरीज, नेटफ्लिक्स को सरकार की चेतावनी!
फवाद खान की पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' भारत में रिलीज नहीं होगी। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को एडवाइजरी का पालन करने की चेतावनी दी है।
दि राइजिंग न्यूज़ | नई दिल्ली | 26 नवंबर 2026
पाकिस्तानी कलाकार फवाद खान की आगामी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ को लेकर भारत में बड़ा फैसला लिया गया है। भारत सरकार ने इस सीरीज की रिलीज पर रोक लगा दी है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को स्पष्ट निर्देश देते हुए 8 मई 2025 को जारी अपनी एडवाइजरी का सख्ती से पालन करने को कहा है। इस एडवाइजरी के मुताबिक पाकिस्तान में बनी फिल्मों और वेब सीरीज को भारत में प्रसारित नहीं किया जा सकता। सरकार ने नेटफ्लिक्स को जून 2025 में किए गए उसके उस वादे की भी याद दिलाई है, जिसमें उसने भारत में पाकिस्तानी सामग्री उपलब्ध नहीं कराने का भरोसा दिया था।
दरअसल, मंत्रालय को शिकायतें मिली थीं कि पाकिस्तानी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ भारत में रिलीज हो सकती है। इसके बाद सरकार ने नेटफ्लिक्स को अपने पुराने वादे पर कायम रहने की हिदायत दी। इससे पहले ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर इस सीरीज पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी। यह नेटफ्लिक्स की पहली मूल पाकिस्तानी वेब सीरीज बताई जा रही है, जिसे 4 दिसंबर 2026 को दुनियाभर में प्रदर्शित किया जाना है। यह सीरीज 191 देशों में उपलब्ध होगी, लेकिन भारत में दर्शक इसे नहीं देख सकेंगे।
इस सीरीज में फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर, इकरा अजीज, अहमद रजा मीर और हमजा अली अब्बासी समेत कई पाकिस्तानी कलाकार नजर आएंगे। कहानी में तीन पीढ़ियों की छह प्रेम कहानियां दिखाई जाएंगी। सीरीज को दो भागों में रिलीज करने की योजना है। पहले भाग में पांच कड़ियां होंगी, जबकि कुल 13 कड़ियां रिलीज होने की उम्मीद है। इस परियोजना को पूरा होने में करीब आठ साल लगे और इसकी शूटिंग 200 दिनों तक चली। हालांकि, भारत में इसके प्रदर्शन पर सरकार के निर्देशों के बाद रोक लग गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)