उपराष्ट्रपति 28 नवंबर को करेंगे काशी-तमिल संगमम 5.0 का शुभारंभ:सीएम योगी भी रहेंगे मौजूद,मेहमानों को इडली-सांभर से लेकर दही-चावल तक परोसे जाएंगे

Nov 26, 2026 - 14:56
0
उपराष्ट्रपति 28 नवंबर को करेंगे काशी-तमिल संगमम 5.0 का शुभारंभ:सीएम योगी भी रहेंगे मौजूद,मेहमानों को इडली-सांभर से लेकर दही-चावल तक परोसे जाएंगे
काशी और तमिलनाडु के सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और शैक्षणिक रिश्तों को मजबूती देने के लिए काशी-तमिल संगमम के पांचवें संस्करण की शुरुआत 28 नवंबर से होगी। नमो घाट पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का उद्घाटन उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। 12 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन के समापन समारोह में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे। इस बार संगमम की थीम महान तमिल कवि और दार्शनिक तिरुवल्लुवर के ग्रंथ 'तिरुक्कुरल' पर आधारित है। इसके जरिए देशभर के युवाओं और विद्यार्थियों को तमिल साहित्य, भाषा और तिरुक्कुरल में बताए गए नैतिक मूल्यों से परिचित कराया जाएगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि इस उद्देश्य से देश के 1380 उच्च शिक्षण संस्थानों में 'तिरुक्कुरल अभ्यास' नाम से प्रतियोगिता शुरू की गई है। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 10 हजार रुपये की इंटर्नशिप दी जाएगी। प्रत्येक संस्थान से एक विद्यार्थी चुना जाएगा, जो अपने संस्थान के दूसरे छात्रों को भी तिरुक्कुरल के बारे में बताएगा। तमिल के 50 शिक्षक स्कूल-कॉलेजों में देंगे जानकारी काशी-तमिल संगमम के दौरान तमिलनाडु से 50 शिक्षक वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के स्कूलों और कॉलेजों में जाएंगे। वे विद्यार्थियों को तमिल भाषा और प्राचीन ग्रंथ तिरुक्कुरल के बारे में जानकारी देंगे। तिरुक्कुरल में कुल 1330 दोहे हैं, जिनमें नैतिकता, जीवन मूल्यों और व्यवहार से जुड़ी सीख दी गई है। शुक्रवार को पहली टोली लेकर पहुंचेगी स्पेशल ट्रेन काशी-तमिल संगमम के लिए तमिलनाडु से प्रतिनिधियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। कन्याकुमारी से करीब 200 प्रतिनिधियों को लेकर पहली स्पेशल ट्रेन रवाना हो चुकी है। यह शुक्रवार रात बनारस रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। दक्षिण रेलवे की ओर से 12 दिसंबर तक कुल सात स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। चेन्नई सेंट्रल, कोयंबटूर और कन्याकुमारी से चलने वाली इन ट्रेनों से प्रतिनिधियों को काशी पहुंचने में सुविधा होगी। इडली-सांभर के साथ मिलेगा दही-चावल का स्वाद तमिलनाडु से आने वाले मेहमानों के खानपान का भी विशेष इंतजाम किया गया है। उनके लिए इडली, सांभर, नारियल चटनी, उपमा, रसम, लेमन राइस और दही-चावल जैसे दक्षिण भारतीय व्यंजन तैयार किए जाएंगे। खास बात यह है कि व्यंजन बनाने के लिए तमिलनाडु से ही रसोइये, मसाले और जरूरी सामग्री मंगाई जाएगी। मेहमानों के ठहरने, खाने-पीने और घूमने-फिरने की जिम्मेदारी आईआरसीटीसी को दी गई है। उनके ठहरने की व्यवस्था शहर के होटलों में की गई है। इस दौरान प्रतिनिधियों को काशी के अलावा प्रयागराज और अयोध्या के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा। बनारस स्टेशन पर तिलक लगाकर होगा स्वागत बनारस रेलवे स्टेशन पर तमिलनाडु से आने वाले मेहमानों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया जाएगा। उनके माथे पर तिलक लगाया जाएगा और माल्यार्पण कर अभिनंदन किया जाएगा। शंखध्वनि, ढोल-नगाड़ों के बीच पुष्पवर्षा भी होगी। स्वागत के दौरान रेलवे, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे। स्टेशन से मेहमानों को इलेक्ट्रिक वाहनों के जरिए निर्धारित स्थानों तक पहुंचाया जाएगा। बीएचयू और आईआईटी बीएचयू ने की तैयारियां काशी-तमिल संगमम के आयोजन में बीएचयू और आईआईटी बीएचयू की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि संगमम के पहले संस्करण से ही विश्वविद्यालय इसका अभिन्न सहभागी रहा है। यह आयोजन काशी और तमिलनाडु के बीच विचारों, परंपराओं और दर्शन के आदान-प्रदान का मजबूत माध्यम है। विश्वविद्यालय ने प्रतिभागियों के अनुभव को यादगार बनाने के लिए तैयारियां की हैं। वहीं, आईआईटी (बीएचयू) के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि यह आयोजन देश की समृद्ध सभ्यतागत विरासत का उत्सव है। इससे काशी और तमिलनाडु के बीच सांस्कृतिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक संबंध और मजबूत होंगे। आईआईटी मद्रास, बीएचयू और अन्य संस्थान मिलकर इस आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User