मारपीट के बाद युवक ने फंदा लगाकर जान दी:संतकबीरनगर में परिजनों के आरोप पर तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज दिया
संतकबीरनगर के मेंहदावल थाना क्षेत्र के बेलवनवा मोहल्ले में एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गुरूवार को पुलिस ने मुक़दमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है। बेलवनवा निवासी कोमल निषाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार शाम उनके बेटे अमरनाथ निषाद के साथ बसंती माता मंदिर के पास सोमन निषाद, उसकी पत्नी उर्मिला और उनके बेटों सोहन व राजन ने गालीगलौज करते हुए मारपीट की थी। आरोप है कि रात करीब 7:30 बजे सोमन, उर्मिला और सोहन दोबारा अमरनाथ के घर पहुंचे। यहां उन्होंने अमरनाथ के साथ मारपीट की और उसे कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया। परिजनों ने घटना की सूचना गुरुवार को डायल 112 पर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने के बाद लौट गई। परिजनों के मुताबिक, इस घटना से आहत अमरनाथ ने देर रात घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर मेंहदावल विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी और निषाद पार्टी के पदाधिकारी जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। परिजनों ने पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। विधायक ने इस संबंध में एसपी संदीप कुमार मीणा से बात की। एसपी के निर्देश के बाद पुलिस ने सोमन निषाद, उर्मिला और सोहन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मेंहदावल के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)