ताजमहल का सुरक्षा घेरा तोड़कर पूर्वी गेट तक पहुंची कार:पर्यटकों में मची अफरातफरी, पुलिस ने हिरासत में लिए दो युवक
ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था में शनिवार शाम बड़ी चूक सामने आई। अमर विलास बैरियर से सुरक्षा घेरा तोड़कर एक कार सवार तीन युवक तेज रफ्तार में ताजमहल के पूर्वी गेट तक पहुंच गए। अचानक कार को तेजी से अपनी ओर आता देख पर्यटकों में अफरातफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर कार को रुकवाया। इस दौरान दो युवकों को पकड़ लिया गया, जबकि एक भागने में सफल रहा। पुलिस ने कार को सीज कर दिया है। घटना शनिवार शाम करीब 7 बजे की है। ताजमहल से पर्यटक बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान ईको कार में सवार तीन युवक अमर विलास बैरियर से प्रवेश करने पहुंचे। वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया और वापस जाने को कहा। इसके करीब 15 मिनट बाद युवक दोबारा कार लेकर पहुंचे और तेज रफ्तार में ताजमहल की तरफ बढ़ने लगे। यह देखकर पुलिसकर्मी उनके पीछे दौड़े। एक दरोगा बाइक से कार का पीछा करने लगा। उस समय बड़ी संख्या में पर्यटक भी मौजूद थे। पुलिस को पीछे आता देख पर्यटकों में भी दहशत फैल गई। आरोपी कार को ताजमहल के पूर्वी गेट तक ले गए। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह कार रुकवाई। इस दौरान एक युवक भाग गया, जबकि दो को पकड़ लिया गया। पुलिस ने कार को सीज कर दिया। थाना ताजगंज पुलिस ने पकड़े गए युवकों को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा। मेडिकल रिपोर्ट में उनके नशे में होने की पुष्टि हुई है। एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान फतेहाबाद निवासी अमित उपाध्याय और धौलपुर निवासी अंकित कुशवाहा के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की जाएगी। उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल ताजमहल के यलो जोन में सुरक्षा घेरा और बैरियर होने के बावजूद कार का पूर्वी गेट तक पहुंच जाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। बैरियर पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रहती है, इसके बावजूद युवक कार लेकर आगे तक पहुंच गए। सवाल यह भी है कि जब ताजमहल बंद हो चुका था तो कार को सुरक्षा घेरे के अंदर जाने की अनुमति कैसे मिली।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)