महिला आरक्षण से कैंट में बढ़ी टिकट दावेदारों की बैचेनी:भाजपा की सुरक्षित सीट पर दिग्गजों सहित टिकट की रेस में पत्नी-पुत्रवधू

Nov 29, 2026 - 08:31
0
महिला आरक्षण से कैंट में बढ़ी टिकट दावेदारों की बैचेनी:भाजपा की सुरक्षित सीट पर दिग्गजों सहित टिकट की रेस में पत्नी-पुत्रवधू
महिलाओं को लोकसभा, विधानसभा के सदनों में 33 प्रतिशत आरक्षण देने के बिल पर 30 नवंबर को अहम बैठक होने जा रही है। शुक्रवार से शुरू हुई आरक्षण विधेयक पर मंजूरी की प्रक्रिया ने मेरठ कैंट सीट में नेताओं की धड़कनें बढ़ा दी हैं। भाजपा की सबसे सुरक्षित माने जाने वाली मेरठ कैंट नंबर 47 सीट इन दिनों खासी चर्चाओं में हैं। माना जा रहा है कि ये सीट महिला के लिए हो सकती है। भाजपा यहां किसी महिला को चुनाव लड़ाएगी। लंबे समय से भाजपा के खाते में चली आ रही कैंट सीट पर पार्टी के तमाम दिग्गज पत्नी, पुत्रवधू सहित टिकट की रेस में हैं। अपना टिकट नहीं हुआ तो पत्नी, बहू के नाम से सीट पर दावेदारी ठोंक रहे हैं। उनको नहीं तो उनके परिवार की महिलाओं को टिकट मिल जाए। वर्तमान विधायक से लेकर पूर्व महानगर अध्यक्ष व अन्य नेताओं के परिवारों की महिलाएं भी टिकट की रेस में हैं। पूरे परिवार के लिए टिकट मांग रहे वर्तमान विधायक कैंट सीट पर भाजपा से वर्तमान विधायक अमित अग्रवाल हैं। 2022 के चुनाव में लगभग 1 लाख से अधिक वोटों से अमित अग्रवाल ने कैंट सीट पर चुनाव जीता था। रालोद की मनीषा अहलावत को शिकस्त दी थी। अब अमित अग्रवाल अपने लिए दोबारा भाजपा से टिकट मांग रहे हैं। आयु सीमा अधिक होने के कारण उनका टिकट कटने की चर्चाएं हैं। पार्टी के चुनाव लड़ने की आयु सीमा में अमित अग्रवाल फंसे हुए हैं। विधायक लखनऊ से दिल्ली तक सिफारिश लगा रहे हैं कि उनका टिकट उम्रबंधन में कटता है तो उनके कामों को देखते हुए, उनके बेटे वरुण अग्रवाल को टिकट दिया जाए। पिछले 6 महीनों में बेटे की सामाजिक सक्रियता भी इसलिए बढ़ाई है। बेटे को टिकट न मिले और पार्टी महिला को टिकट दे तो वो अपनी बहू के लिए टिकट की दावेदारी ठोंक रहे हैं। मुझे और मेरी पत्नी को दें टिकट मेरठ की सातों सीटों में भाजपा के लिए सबसे सेफ कही जाने वाली कैंट सीट सबसे ज्यादा चर्चाओं में हैं। यहां भाजपा से टिकट के दावेदारों की संख्या भी अपेक्षाकृत ज्यादा है। दिग्गज चेहरे अपने और परिवार की महिलाओं दोनों के लिए टिकट की दावेदारी में हैं। पूर्व महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल अपने और पत्नी के लिए टिकट मांग रहे हैं। व्यापारी नेता नीरज मित्तल भी अपने सहित पत्नी के लिए टिकट चाह रहे। महानगर कोषाध्यक्ष अमित गर्ग मूर्ति अपनी पूर्व पार्षद पत्नी के लिए टिकट की रेस में हैं। भाजपा के वर्तमान महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी भी अपनी पत्नी और कवियत्री कोमल रस्तोगी के लिए टिकट की मांग कर रहे हैं। आईआईएमटी यूनिवर्सिटी के चेयरमैन मयंक अग्रवाल सपत्नीक टिकट रेस में है। कैंट बोर्ड की उपाध्यक्ष रहीं बीना वाधवा और पति सुनील वाधवा भी दिल्ली से लखनऊ तक सिफारिशें लगा रहे। पूर्व उपाध्यक्ष शिप्रा रस्तोगी, महिला आयोग की सदस्य और पूर्व एमएलसी की बेटी डॉ. हिमानी अग्रवाल टिकट चाहती हैं। महिला आयोग सदस्य रालोद कोटे से दावेदार कैंट सीट पर ही रालोद कोटे से महिला आयोग की सदस्य मनीषा अहलावत भी टिकट की रेस में हैं। जाट चेहरा मनीषा अहलावत 2022 के चुनाव में रालोद से इस सीट पर चुनाव लड़ चुकी हैं। हालांकि वो भाजपा से चुनाव हारी थीं। लेकिन भाजपा-रालोद गठबंधन के तहत वो अपने पुराने चुनाव के अनुभवों के आधार पर अपनी दावेदारी कर रही हैं। राष्ट्रीय लोकदल भी 2022 में सपा-रालोद के गठबंधन में ये सीट सपा ने रालोद को दी थी, इसका हवाला देते हुए भाजपा से ये सीट मांग रहा है। मेरठ कैंट ने अब तक 16 विधानसभा चुनाव देखे हैं। शुरुआती दशकों में कांग्रेस का मजबूत प्रभाव रहा, लेकिन 1993 के बाद भाजपा ने सीट पर लगातार सात जीत दर्ज कीं। कुल मिलाकर भाजपा आठ और कांग्रेस सात बार सीट जीत चुकी है। एक बार संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी को सफलता मिली थी। 2022 में भाजपा के अमित अग्रवाल ने रालोद की मनीषा अहलावत को 1,18,072 वोट के विशाल अंतर से हराया था। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में भी भाजपा ने कैंट विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी पर 96,083 वोट की बढ़त बनाई। 2026 की अंतिम सूची में मेरठ कैंट की महिला मतदाता संख्या 1,47,921 है। यह मेरठ जिले की विधानसभा सीटों में महिला मतदाताओं की बड़ी संख्या में शामिल है। पुरुष और महिला मतदाताओं के बीच करीब 20,365 का अंतर है। कैंट सीट पूरी तरह अनारक्षित शहरी सीट है इस पर प्रमुख मुद्दे नागरिक सुविधाएं, रोजगार, व्यापार, सड़क, स्वास्थ्य और कैंट बोर्ड से जुड़े विषय हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User