मंडलायुक्त ने बड़े हनुमान मंदिर में कॉरिडोर का काम देखा:माघ मेला-2027 से पहले निर्माण पूरा करने के निर्देश, अप्रोच रोड चौड़ी करने पर भी जोर
प्रयागराज संगम तट स्थित बड़े हनुमान मंदिर में मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने दर्शन-पूजन कर बजरंगबली का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर हनुमान मंदिर कॉरिडोर के निर्माण कार्यों की प्रगति देखी। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को माघ मेला-2027 से पहले कॉरिडोर और गर्भगृह के शेष कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। मंडलायुक्त ने निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर में चल रहे कॉरिडोर निर्माण और गर्भगृह से जुड़े शेष कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि सभी निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। काम की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए, ताकि माघ मेले के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने मंदिर तक पहुंचने वाले रास्तों को भी सुगम बनाने पर जोर दिया। इसके लिए सेना के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर मंदिर की अप्रोच रोड के चौड़ीकरण की संभावनाओं पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर तक आने-जाने के रास्तों को बेहतर बनाना जरूरी है। मंडलायुक्त ने मंदिर परिसर और संपर्क मार्गों पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही परिसर में लगने वाली दुकानों और अन्य वेंडिंग गतिविधियों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए, जिससे श्रद्धालुओं के आवागमन में बाधा न आए और भीड़ का दबाव नियंत्रित रखा जा सके। गौरतलब है कि संगम क्षेत्र में स्थित बड़े हनुमान मंदिर में माघ मेला और कुंभ जैसे बड़े आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में कॉरिडोर निर्माण और सुविधाओं का विकास श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण है। निरीक्षण के दौरान प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषि राज के साथ नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा समेत तमाम अधिकारी भी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)