यूपी बोर्ड के प्रैक्टिकल 11 जनवरी से शुरू होंगे:परीक्षाएं दो चरणों में होंगी; प्रयागराज दूसरे चरण में, प्री-बोर्ड प्रैक्टिकल दिसंबर के आखिरी सप्ताह में
प्रयागराज यूपी बोर्ड ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं को लेकर प्रयोगात्मक, प्री-बोर्ड और गृह परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तारीखों का ऐलान करते हुए इन्हें दो चरणों में कराने का निर्णय लिया है। परीक्षाएं 11 जनवरी से 28 जनवरी 2027 तक आयोजित की जाएंगी। इसमें प्रयागराज मंडल के विद्यार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं दूसरे चरण में होंगी। बोर्ड सचिव भगवती सिंह की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, पहले चरण की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 11 से 19 जनवरी तक होंगी। इसमें आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, अयोध्या, आजमगढ़, देवीपाटन और बस्ती मंडल के जिले शामिल हैं। वहीं, दूसरे चरण की परीक्षाएं 20 से 28 जनवरी तक आयोजित की जाएंगी। इसमें प्रयागराज के साथ अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, मीरजापुर, वाराणसी और गोरखपुर मंडल के जिले शामिल हैं। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होंगे प्रैक्टिकल
बोर्ड ने प्रयोगात्मक परीक्षाओं की पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के लिए सभी विद्यालयों को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा कराने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा की पूरी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखनी होगी। बोर्ड की ओर से मांग किए जाने पर विद्यालयों को रिकॉर्डिंग उपलब्ध करानी होगी। परीक्षकों की नियुक्ति और परीक्षा से संबंधित अन्य जानकारी क्षेत्रीय कार्यालयों से प्राप्त की जा सकेगी। हाईस्कूल विज्ञान और गृह विज्ञान की होगी 30 अंकों की परीक्षा
हाईस्कूल में विज्ञान और गृह विज्ञान को छोड़कर अन्य विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन और प्रोजेक्ट कार्य के आधार पर होंगी। विज्ञान और गृह विज्ञान की 30 अंकों की प्रयोगात्मक परीक्षा बोर्ड की ओर से कराई जाएगी। व्यक्तिगत परीक्षार्थियों को अपने अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्य से संपर्क कर परीक्षा में शामिल होना होगा। प्रधानाचार्यों को हाईस्कूल के आंतरिक मूल्यांकन और इंटरमीडिएट के नैतिक शिक्षा, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा के अंक ऑनलाइन अपलोड करने होंगे। इसके लिए बोर्ड की वेबसाइट 1 जनवरी 2027 से खुल जाएगी। जनवरी में प्री-बोर्ड और वार्षिक परीक्षाएं
बोर्ड ने प्री-बोर्ड और कक्षा 9 ,11 की परीक्षाओं का कार्यक्रम भी जारी किया है। दिसंबर 2026 के अंतिम सप्ताह में विद्यालय स्तर पर प्री-बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाएं होंगी। कक्षा 10 और 12 की प्री-बोर्ड लिखित परीक्षाएं जनवरी 2027 के पहले सप्ताह में कराई जाएंगी। वहीं, कक्षा 9 और 11 की वार्षिक परीक्षाएं जनवरी के दूसरे और तीसरे सप्ताह में विद्यालय के प्रधानाचार्य कराएंगे। बोर्ड के इस कार्यक्रम से विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए समय रहते अपनी रणनीति बनाने में मदद मिलेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)