मोहित अग्रवाल होंगे प्रयागराज के नए पुलिस कमिश्नर:पीयूष मोर्डिया को ADG स्थापना लखनऊ की जिम्मेदारी
योगी सरकार ने शुक्रवार को प्रदेश के पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 28 IPS अधिकारियों के तबादले कर दिए। तबादला सूची में ज्यादातर वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी शामिल हैं। इसके तहत चार जिलों के पुलिस कमिश्नरों को भी बदल दिया गया है। इस फेरबदल में वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल (1997 बैच) को प्रयागराज का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वहीं, प्रयागराज के मौजूदा पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया का तबादला करते हुए उन्हें लखनऊ में ADG स्थापना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पहले भी प्रयागराज में संभाल चुके हैं जिम्मेदारी मोहित अग्रवाल का प्रयागराज से पुराना प्रशासनिक जुड़ाव रहा है। वह वर्ष 2018 से 2019 के बीच प्रयागराज (तत्कालीन इलाहाबाद) रेंज के IG यानी पुलिस महानिरीक्षक रह चुके हैं। अगस्त 2018 में उन्हें इलाहाबाद/प्रयागराज रेंज का IG नियुक्त किया गया था। वह इस पद पर 3 जुलाई 2019 तक रहे। इसके बाद उनका तबादला IG कानपुर जोन के पद पर कर दिया गया था। कुंभ मेले की सुरक्षा में निभाई थी अहम भूमिका प्रयागराज रेंज के IG के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान मोहित अग्रवाल ने वर्ष 2019 में आयोजित भव्य कुंभ मेले की सुरक्षा और पुलिस व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। कुंभ मेले के दौरान उनके योगदान के लिए उन्हें 'कुंभ सेवा मेडल-2019' से भी सम्मानित किया गया था। अब करीब सात साल बाद मोहित अग्रवाल एक बार फिर प्रयागराज लौट रहे हैं, लेकिन इस बार उन्हें शहर के पुलिस कमिश्नर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पीयूष मोर्डिया को लखनऊ में नई जिम्मेदारी प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को स्थानांतरित कर ADG स्थापना, लखनऊ बनाया गया है। उनके स्थानांतरण के बाद प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट की कमान अब मोहित अग्रवाल संभालेंगे। इस फेरबदल के बाद वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में भी नए पुलिस कमिश्नर की तैनाती होगी। प्रदेश के चार पुलिस कमिश्नरेट में नेतृत्व परिवर्तन को इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)