काशी में पहली बार सजेगा कला और संस्कृति का मंच:बनारस बिएनाले का BHU हुआ शुभारंभ,CM योगी होंगे शामिल,कुलपति बोले- शहर के कहानियों को जानेगा दुनिया

Nov 27, 2026 - 13:11
0
काशी में पहली बार सजेगा कला और संस्कृति का मंच:बनारस बिएनाले का BHU हुआ शुभारंभ,CM योगी होंगे शामिल,कुलपति बोले- शहर के कहानियों को जानेगा दुनिया
काशी की सदियों पुरानी विरासत अब समकालीन कला के रंगों में नजर आएगी। शुक्रवार को पहले सीआईआई बनारस बिएनाले 2026 का शुभारंभ हुआ। 27 नवंबर से 31 दिसंबर तक चलने वाला यह आयोजन काशी की कला, संस्कृति, संगीत, वस्त्र और शिल्प परंपराओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेगा। भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) की ओर से संस्कृति मंत्रालय, पर्यटन मंत्रालय, उत्तर प्रदेश सरकार और काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित इस बिएनाले में देश-विदेश के कलाकारों, कला प्रेमियों, पर्यटकों और शिल्पकारों को जोड़ने की तैयारी है। 'काशी/लाइट : सिटी एज सेंसेरियम' थीम पर आधारित इस आयोजन में बनारस को केवल देखने का नहीं, बल्कि सुनने, महसूस करने और अनुभव करने वाले शहर के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। खास बात यह है कि यह आयोजन किसी एक परिसर या सभागार तक सीमित नहीं रहेगा। शहर के घाटों, पुरानी गलियों, संग्रहालयों, कला दीर्घाओं, विश्वविद्यालय परिसरों और शिल्प समूहों में अलग-अलग कार्यक्रम होंगे। BHU में दिखेगी प्राचीन और आधुनिक कला की जुगलबंदी बिएनाले का प्रमुख केंद्र काशी हिंदू विश्वविद्यालय रहेगा। भारत कला भवन संग्रहालय, अहिवासी गैलरी और स्वतंत्रता भवन में विशेष प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। भारत कला भवन में 'लाइन्स इन द वाटर' प्रदर्शनी के जरिए बनारस के नदी और घाटों से जुड़े सांस्कृतिक जीवन को कला के माध्यम से दिखाया जाएगा। इसमें प्राचीन लघुचित्रों और मूर्तियों के साथ आधुनिक भारतीय कलाकारों की कृतियां भी प्रदर्शित होंगी। वहीं, 'एक धागा, एक दुनिया : रेशम, जरी और काशी का प्रकाश' प्रदर्शनी में बनारसी ब्रोकेड और जरी बुनाई की विश्व प्रसिद्ध परंपरा को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें पुराने ऐतिहासिक वस्त्रों के साथ समकालीन डिजाइन और रचनाएं भी देखने को मिलेंगी। अहिवासी गैलरी में देश के प्रसिद्ध फोटोग्राफरों की तस्वीरें और स्वतंत्रता भवन में BHU के विद्यार्थियों व शिक्षकों की कलाकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। नमो घाट पर सजेगा कारीगरी और संगीत का मंच नमो घाट स्थित पेशवा हवेली में कारीगरी मंडप और फूड स्ट्रीट आकर्षण का केंद्र होंगे। यहां भारतीय शिल्प, खानपान और संगीत का संगम देखने को मिलेगा। ट्रायो बनारस, कबीर कैफे और बैकस्टेज सिबलिंग्स जैसे कलाकार और संगीत समूह अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके साथ क्रिएटर्स मंच पर भारतीय विरासत, संस्कृति और रचनात्मकता से जुड़े सत्र आयोजित होंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User