काशी को स्वच्छता में नंबर वन बनाए:मंत्री एके शर्मा ने की नगर-निगम की समीक्षा, कहा- शहर से पूरी तरह खत्म होंगे कूड़ा घर
काशी की स्वच्छता, सुंदरीकरण और बुनियादी सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाने के लिए शनिवार को नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ मैराथन समीक्षा बैठक की। नगर निगम, जलनिगम और जलकल विभाग के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने स्पष्ट कहा कि काशी में हर काम गुणवत्तापूर्ण और तय समय में पूरा होना चाहिए। स्वच्छता सर्वेक्षण में 'बेस्ट गंगा टाउन' श्रेणी में वाराणसी को तीसरा स्थान मिलने पर मंत्री ने असंतोष जताया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अगली बार काशी को देश में पहले स्थान पर लाने के लिए अभी से तैयारी शुरू करें। बैठक में महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी समेत नगर निगम के अपर नगर आयुक्त, जोनल अधिकारी और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। कमियों को ट्रेस करेगी विशेष समिति
मंत्री एके शर्मा ने निर्देश दिया कि एक विशेष समिति गठित कर सबसे पहले उन तकनीकी और जमीनी कमियों को ट्रेस किया जाए। जिनकी वजह से वाराणसी स्वच्छता रैंकिंग में पहले स्थान से चूक गया। इन खामियों को दूर कर शहर से सभी गार्वेज वल्नरेबल पॉइंट (जीवीपी) यानी खुले में कूड़ा फेंकने वाले स्थानों को पूरी तरह समाप्त किया जाए। ताकि शहर में कहीं भी गंदगी नजर न आए। पोर्टेबल कांपेक्टर ट्रांसफर स्टेशन (पीसीटीएस) की प्रगति पूछने पर नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारि ने जानकारी दी कि शहर में 14 ट्रांसफर स्टेशन संचालित हैं और चार निर्माणाधीन हैं। जिनके तैयार होते ही सभी जीवीपी खत्म हो जाएंगे। बीएलडब्ल्यू क्षेत्र में नया ट्रांसफर स्टेशन बनने की जानकारी पर मंत्री ने सराहना की और ऋषि मांडवी जोन में भी एक नया ट्रांसफर स्टेशन स्थापित करने का निर्देश दिया। महापौर ने उठाया जलनिगम की सुस्त कार्यप्रणाली का मुद्दा
बैठक के दौरान महापौर अशोक कुमार तिवारी ने शहर की जनसमस्याओं और विकास कार्यों में हो रही देरी का मुद्दा पूरी बेबाकी से रखा। महापौर ने जलनिगम द्वारा कराए जा रहे सीवर पाइपलाइन के कार्यों में बरती जा रही सुस्ती और लेटलतीफी का प्रकरण जोरदार ढंग से उठाते हुए आमजन को हो रही दिक्कतों से मंत्री को अवगत कराया। महापौर के इस हस्तक्षेप को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने स्वयं निरीक्षण करने और नगर आयुक्त को कार्यों का परीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने 2161 करोड़ रुपये की लागत से 22 वार्डों में बिछाई जा रही सीवर व पेयजल लाइन के कार्य में मैनपावर बढ़ाकर इसे जल्द से जल्द पूरा करने का अल्टीमेटम दिया। साथ ही, जहां भी पाइपलाइन के लिए खुदाई हो, वहां तत्काल भराई कर सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए ताकि राहगीरों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सीएम ग्रिड की सड़कों में लाएं तेजी
शहर के ब्यूटीफिकेशन पर विशेष जोर देते हुए नगर विकास मंत्री ने कहा कि चौराहों और तिराहों का सुंदरीकरण इस तरह किया जाए कि यातायात व्यवस्था अधिक सुगम हो, न कि जाम की समस्या बढ़े। इसके अलावा उन्होंने सीएम ग्रिड योजना के तहत बन रही सभी छह स्मार्ट सड़कों का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने, पार्कों व डिवाइडरों को हरा-भरा रखने तथा नगर निगम के खराब वाहनों को वर्कशॉप में कम से कम समय में दुरुस्त कर सड़क पर उतारने को कहा। बैठक में लिगेसी वेस्ट निस्तारण, रमना व करसड़ा प्लांट की कार्यप्रणाली और डूडा आवासों की स्थिति की भी बिंदुवार समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)