मथुरा के मकान में आग से चार लोग झुलसे:देवीपुरा में ईको कार जली, शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी

Nov 06, 2026 - 21:12
0
मथुरा के मकान में आग से चार लोग झुलसे:देवीपुरा में ईको कार जली, शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र के गांव देवीपुरा में शुक्रवार दोपहर एक मकान में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से मकान के अंदर मौजूद चार लोग झुलस गए, जबकि घर के बाहर खड़ी ईको कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, गांव देवीपुरा निवासी हीरा के मकान में शुक्रवार दोपहर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय मकान के अंदर सावित्री, उनका बेटा हिमांशु, ईश्वर और पुरुषोत्तम मौजूद थे। आग की लपटें तेजी से फैलने के कारण चारों लोग घर के अंदर फंस गए। हालांकि, किसी तरह उन्होंने घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन इस दौरान चारों आग की चपेट में आकर झुलस गए। आग इतनी भीषण थी कि मकान के बाहर खड़ी ईको कार भी उसकी चपेट में आ गई और देखते ही देखते जलकर राख हो गई। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना मिलने पर थाना हाईवे पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे तक लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया। पुलिस ने चारों झुलसे लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। राधापुरम चौकी प्रभारी प्रवाश शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User