नौकरी का झांसा देकर दो युवकों से 2.50-लाख की ठगी:देवरिया में फर्जी वीजा और ऑफर लेटर देने का आरोप, भर्ती संचालक पर दो एफआईआर
देवरिया में आर्मेनिया में नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो युवकों से करीब 2.50 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवकों से रुपए और पासपोर्ट लेने के बाद आरोपी ने उन्हें फर्जी वीजा और ऑफर लेटर दिए। पीड़ितों की शिकायत पर सदर कोतवाली पुलिस ने गुरुवार रात लार थाना क्षेत्र के गयागीर निवासी भीम यादव के खिलाफ दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। दोनों मामलों की जांच उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह को सौंपी गई है। कुशीनगर के हाटा थाना क्षेत्र के ढाढ़ा बुजुर्ग निवासी अनस ने बताया कि उसका संपर्क देवरिया के शहीद गेट स्थित रामनवल किशोर मणि कॉम्प्लेक्स में ‘न्यू पेन ग्लोबल रिक्रूटमेंट सॉल्यूशन’ चलाने वाले भीम यादव से हुआ था। अनस के मुताबिक, भीम व्हाट्सएप ग्रुप पर विदेश में नौकरी और ऑफर से जुड़ी पोस्ट शेयर करता था। आर्मेनिया भेजने का भरोसा देकर 28 जनवरी को उसका पासपोर्ट जमा करा लिया गया और 1.80 लाख रुपए खर्च आने की बात कही गई। यूपीआई, नकद और खाते में जमा कराए रुपए अनस और उसके गांव के अमित मद्धेशिया ने अलग-अलग माध्यमों से भीम को रुपए दिए। शिकायत के अनुसार, 22 फरवरी को यूपीआई के जरिए तीन बार में 30 हजार रुपए, 11 फरवरी को दूसरी यूपीआई आईडी पर 15 हजार रुपए, 15 हजार रुपए नकद और 13 जुलाई को संतोष शर्मा के खाते में 60 हजार रुपए जमा कराए गए। अनस का आरोप है कि बाद में दिए गए वीजा और ऑफर लेटर की जांच कराई गई तो वे फर्जी पाए गए। इस मामले में गुरुवार रात करीब 8 बजे मुकदमा दर्ज किया गया। 1.30 लाख रुपए में नौकरी का दिया था भरोसा अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के खोटा निवासी गजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि उनका संपर्क फेसबुक के जरिए रिक्रूटमेंट सॉल्यूशन से जुड़े लोगों से हुआ था। उनके मुताबिक, भीम ने उन्हें अपने कार्यालय बुलाकर पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज जमा कराए और आर्मेनिया में नौकरी के लिए 1.30 लाख रुपए मांगे। गजेंद्र के अनुसार, उन्होंने 15 अप्रैल को 80 हजार रुपए नकद दिए। इसके बाद 2 जून को बताए गए खाते में 48 हजार और 2 हजार रुपए जमा कराए। आरोप है कि बाद में जांच कराने पर दिया गया वीजा फर्जी निकला और वह टूरिस्ट वीजा था। रुपए वापस मांगने पर टालमटोल का आरोप गजेंद्र का आरोप है कि वीजा की सच्चाई सामने आने के बाद उन्होंने आरोपी से अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन वह टालमटोल करने लगा। इस मामले में भी गुरुवार रात करीब 10 बजे एफआईआर दर्ज की गई। सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि दोनों मामलों में मुकदमे दर्ज किए गए हैं और पुलिस जांच कर रही है। आरोपों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)