भगंदर के हर मरीज पर नहीं आजमानी चाहिए लेजर-तकनीक-डॉ.संतोष सिंह:यूपीएएसआईकॉन-2026 में प्रयागराज के सर्जन ने रखे विचार

Nov 28, 2026 - 01:14
0
भगंदर के हर मरीज पर नहीं आजमानी चाहिए लेजर-तकनीक-डॉ.संतोष सिंह:यूपीएएसआईकॉन-2026 में प्रयागराज के सर्जन ने रखे विचार
भगंदर (फिस्टुला) के इलाज में लेजर तकनीक आधुनिक विकल्प जरूर है, लेकिन यह हर मरीज के लिए कारगर या जरूरी नहीं है। इलाज की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि मरीज की बीमारी की स्थिति क्या है और उसके लिए कौन सी तकनीक सबसे बेहतर होगी। यह बात प्रयागराज के वरिष्ठ सर्जन एवं यूपी एएसआई के संयुक्त सचिव डॉ. संतोष सिंह ने कही। वे एम्स गोरखपुर में आयोजित एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया के उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड चैप्टर के 51वें वार्षिक सम्मेलन यूपीएएसआईकॉन-2026 में विशेषज्ञ पैनल चर्चा में शामिल हुए। तीन दिवसीय यह सम्मेलन 27 से 29 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है। पैनल चर्चा का विषय 'लेजर इन प्रोक्टोलॉजी : प्रिसीजन टूल, सेलेक्टिव एडजंक्ट ऑर ओवरयूज्ड टेक्नोलॉजी' था। इसमें विशेषज्ञों ने बवासीर और भगंदर के इलाज में लेजर तकनीक के फायदे, सीमाएं, खर्च और लंबे समय के परिणामों पर चर्चा की। डॉ. संतोष सिंह ने भगंदर के जटिल मामलों, खासकर हाई ट्रांस-स्फिंक्टेरिक फिस्टुला में फिस्टुला लेजर क्लोजर (FiLaC) तकनीक की उपयोगिता बताई। उन्होंने कहा कि लेजर उपचार से पहले फिस्टुला की बनावट और बीमारी की स्थिति को समझना जरूरी है। यदि संक्रमण सक्रिय है, फोड़ा बना हुआ है या फिस्टुला की कई शाखाएं हैं, तो लेजर उपचार की सफलता प्रभावित हो सकती है। ऐसे मामलों में एमआरआई जांच और संक्रमण को नियंत्रित करने के बाद ही आगे का इलाज तय करना चाहिए। उन्होंने बताया कि लेजर तकनीक का सबसे बड़ा फायदा मल नियंत्रण करने वाली स्फिंक्टर मांसपेशियों को सुरक्षित रखना है। इससे ऑपरेशन के बाद दर्द और घाव की परेशानी कम हो सकती है। हालांकि, हर मरीज में इसका इस्तेमाल सही नहीं है। साधारण और निचले भगंदर में पारंपरिक सर्जरी तथा शुरुआती बवासीर में रबर बैंड लिगेशन जैसी कम खर्चीली और प्रमाणित तकनीकें बेहतर विकल्प हो सकती हैं। डॉ. सिंह ने कहा कि आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल तभी फायदेमंद है, जब मरीज का सही चयन किया जाए। मरीज को इलाज की सफलता, खर्च और बीमारी दोबारा होने की आशंका के बारे में पहले ही पूरी जानकारी देनी चाहिए। पैनल चर्चा का संचालन वरिष्ठ सर्जन प्रो. विनोद जैन ने किया। सम्मेलन में देशभर से आए सर्जन आधुनिक सर्जरी, लैप्रोस्कोपी, एंडोस्कोपी, कम चीरे वाली तकनीकों, चिकित्सा क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मरीजों की सुरक्षा जैसे विषयों पर अपने अनुभव साझा कर रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User