डीएम ने बूथों पर मतदाता पंजीकरण की जांच की:लखीमपुर में बीएलओ अनीता देवी को सम्मानित किया

Nov 28, 2026 - 18:29
0
डीएम ने बूथों पर मतदाता पंजीकरण की जांच की:लखीमपुर में बीएलओ अनीता देवी को सम्मानित किया
लखीमपुर खीरी में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत शनिवार को जिलेभर के बूथों पर मतदाता पंजीकरण कैंप लगाए गए। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने बूथों पर पहुंचकर नए मतदाताओं के पंजीकरण की स्थिति जांची और बीएलओ से फॉर्म-6 के आवेदनों की जानकारी ली। बेहतर काम करने वाली बीएलओ अनीता देवी को पुरस्कार और प्रशंसा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर सुबह 10 से शाम 4 बजे तक सभी मतदेय स्थलों पर कैंप लगाए गए। इनमें मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं से आवेदन लिए गए। डीएम ने तहसील सदर के श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में परिषदीय विद्यालय जमुनिया के मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। बूथ संख्या 353 पर उन्होंने बीएलओ अनीता देवी के काम की सराहना की और उन्हें सम्मानित किया। डीएम ने फॉर्म-6 से मिले आवेदनों की संख्या और उनकी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि कैंप में मिले सभी आवेदनों की उसी दिन ऑनलाइन फीडिंग कराई जाए। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे नहीं। एसडीएम और नोडल अधिकारियों ने भी अपने क्षेत्रों के बूथों पर पहुंचकर कैंप की व्यवस्थाएं देखीं और बीएलओ से पंजीकरण की प्रगति जानी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के विशेष कार्याधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने भी जिले के अलग-अलग मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने आलेख्य मतदाता सूची की उपलब्धता, नए मतदाताओं के पंजीकरण और बूथों पर सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्वाचन कार्मिकों को मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के निर्देश दिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User