प्रयागराज के धावकों का अपने शहर की मैराथन में दबदबा:40 पुरस्कार विजेताओं में 8 स्थानीय, सेना और पुलिस के धावकों ने भी दिखाया दम

Nov 19, 2026 - 23:15
0
प्रयागराज के धावकों का अपने शहर की मैराथन में दबदबा:40 पुरस्कार विजेताओं में 8 स्थानीय, सेना और पुलिस के धावकों ने भी दिखाया दम
संगम नगरी में हुई 41वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन में देश के अलग-अलग राज्यों और जिलों से पहुंचे धावकों के बीच प्रयागराज के खिलाड़ियों ने अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। प्रतियोगिता में पुरस्कार पाने वाले 40 धावकों में आठ प्रयागराज के हैं। यानी हर पांच में एक पुरस्कार विजेता स्थानीय रहा। वहीं सेना और पुलिस से जुड़े धावकों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। फुल मैराथन के पुरुष वर्ग में सेना के प्रदीप चौधरी ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि हाफ मैराथन के पुरुष वर्ग में पुलिस के विशाल यादव विजेता बने। महिला फुल मैराथन में यूपी पुलिस की दो धाविकाओं ने पहले और तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया। 19 नवंबर को आयोजित मैराथन में फुल और हाफ मैराथन के चार वर्गों में कुल 928 धावकों ने प्रतिभाग किया। इनमें पुरुष वर्ग के 817 और महिला वर्ग की 111 धाविकाएं शामिल रहीं। फुल मैराथन में पुरुष वर्ग के 396 और महिला वर्ग की 40 धाविकाओं ने हिस्सा लिया। हाफ मैराथन में पुरुष वर्ग के 421 और महिला वर्ग की 71 धाविकाएं दौड़ीं। फुल मैराथन में सेना का दबदबा फुल मैराथन के पुरुष वर्ग में उत्तराखंड निवासी सेना के नायब सुबेदार प्रदीप चौधरी ने 2:22:01 घंटे में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। उन्हें दो लाख रुपये का पुरस्कार मिला। दूसरे स्थान पर रहे राज तिवारी ने 2:22:13 घंटे और तीसरे स्थान पर रहे निखिल सिंह ने 2:22:25 घंटे का समय निकाला। दोनों मूल रूप से जौनपुर के रहने वाले हैं और मुंबई में नौकरी करते हैं। इसी वजह से परिणाम सूची में उनका पता मुंबई दर्ज है। दोनों को क्रमश: एक लाख और 75 हजार रुपये मिले। इस वर्ग में राजस्थान के मुकेश कुमार, प्रतापगढ़ के जितेंद्र कुमार, वाराणसी के सतीश कुमार, राजस्थान के योगेश कुमार शर्मा और मध्य प्रदेश के पंकज कुमार पटेल समेत अन्य धावकों ने भी पुरस्कार हासिल किए। लखनऊ के राजशेखर पाठक दसवें स्थान पर रहे। वह पुलिस सेवा में हैं। हाफ मैराथन में पुलिस अव्वल हाफ मैराथन के पुरुष वर्ग में जौनपुर निवासी व पुलिस के हेड कांस्टेबल विशाल यादव ने 1:04:51 घंटे में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। उन्हें 51 हजार रुपये मिले। दूसरे स्थान पर संत रविदास नगर के सतीश कुमार वर्मा और तीसरे स्थान पर राजस्थान के मुकेश कुमार रहे। प्रयागराज के मनी कुमार ने सांत्वना पुरस्कार हासिल किया। कौशांबी के आकाश कुमार और फिरोजाबाद के उमेंद्र गौतम भी पुरस्कार पाने वालों में शामिल रहे। महिला फुल मैराथन में पुलिस आगे महिला फुल मैराथन में यूपी पुलिस की नीतू कुमारी ने 2:54:57 घंटे में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। वह आंबेडकर नगर की रहने वाली हैं और प्रयागराज में रहकर मैराथन की तैयारी करती थी। उन्हें दो लाख रुपये का पुरस्कार मिला। बलिया की संध्या यादव दूसरे और हरियाणा निवास यूपी पुलिस की अन्नू तीसरे स्थान पर रहीं। इस वर्ग में मीरजापुर की आकांक्षा सिंह, मेरठ की डॉली गिरि, भदोही की साधना, प्रयागराज की शिलोचना, मुरादाबाद की मंजू, प्रयागराज की रेशम, मुरादाबाद की प्रीति, बलिया की नेहा यादव, प्रयागराज की प्राभी और सिप्रा कुमारी तथा इटावा की कु. पूनम ने भी पुरस्कार हासिल किए। हाफ मैराथन में पुष्पा यादव प्रथम हाफ मैराथन के महिला वर्ग में प्रयागराज की पुष्पा यादव ने 1:29:00 घंटे में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। मीरजापुर की बबीता कुमारी दूसरे और कौशांबी की प्रीति यादव तीसरे स्थान पर रहीं। अयोध्या हॉस्टल की सुष्मिता यादव, जबलपुर की रमनी पटेल और प्रयागराज की हेमा कुमारी को भी सांत्वना पुरस्कार मिला। प्रयागराज के सबसे ज्यादा विजेता परिणामों में प्रयागराज के आठ धावकों की मौजूदगी के अलावा जौनपुर के तीन, राजस्थान के तीन, जबकि बलिया, मुरादाबाद, मीरजापुर, कौशांबी और मध्य प्रदेश के दो-दो पुरस्कार विजेता रहे। इसके अलावा प्रतापगढ़, वाराणसी, लखनऊ, अमेठी, बरेली, संत रविदास नगर, फिरोजाबाद, मेरठ, भदोही, इटावा, जबलपुर और अन्य स्थानों के धावकों ने भी पुरस्कार सूची में जगह बनाई। इस तरह प्रतियोगिता में स्थानीय खिलाड़ियों के साथ दूसरे जिलों और राज्यों के धावकों की भी अच्छी भागीदारी देखने को मिली।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User