शादी से 3 दिन पहले बारात लाने से इनकार:सहारनपुर में दूल्हा मांग रहा बुलेट बाइक और 51 हजार, 24 नवंबर को होनी है शादी

Nov 22, 2026 - 10:28
0
शादी से 3 दिन पहले बारात लाने से इनकार:सहारनपुर में दूल्हा मांग रहा बुलेट बाइक और 51 हजार, 24 नवंबर को होनी है शादी
सहारनपुर में शादी की तारीख नजदीक आई तो दूल्हे पक्ष ने दहेज में बुलेट बाइक, 51 हजार रुपए और ननद के लिए सोने के टॉप्स की मांग कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर बारात लेकर नहीं आने की धमकी दी गई। आरोप है कि लड़की पक्ष की ओर से पहले ही सगाई में करीब पांच लाख रुपए का सामान, कपड़े और जेवरात दिए जा चुके हैं। शादी की तैयारियों में भी लाखों रुपए खर्च किए जा चुके हैं। इसके बावजूद दूल्हा और उसके परिजन अपनी मांग पर अड़े रहे। अब लड़की पक्ष ने शादी से महज तीन दिन पहले नकुड़ थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। मामला नकुड़ क्षेत्र की अमन कॉलोनी बाईपास निवासी कशीश का है। कशीश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब छह महीने पहले उसकी शादी उनाली निवासी जयदीप पुत्र पल्टूराम के साथ तय हुई थी। 26 जून 2026 को दोनों परिवारों की मौजूदगी में सगाई हुई थी। सगाई के दौरान उसके माता-पिता ने शादी का सामान, कपड़े और जेवरात लड़के पक्ष को सौंप दिए थे। इस पर करीब पांच लाख रुपए खर्च हुए थे। इसी दौरान शादी की चिट्ठी की रस्म पूरी कर 24 नवंबर 2026 की तारीख तय की गई थी। शादी की तैयारियों में भी खर्च कर दिए लाखों रुपए कशीश के अनुसार, शादी की तारीख तय होने के बाद उसके माता-पिता तैयारियों में जुट गए थे। एमआर पैलेस को 55 हजार रुपए में बुक किया गया था, जिसके लिए 20 हजार रुपए एडवांस दिए जा चुके थे। हलवाई को भी बुक कर 10 हजार रुपए साई के तौर पर दिए गए थे। इसके अलावा शादी के लिए करीब 80 हजार रुपए का परचून का सामान खरीदकर घर में रख लिया गया था। अन्य तैयारियों पर भी परिवार ने काफी पैसा खर्च किया था। बुलेट, 51 हजार और ननद के टॉप्स की रख दी मांग शिकायत में आरोप लगाया गया कि करीब 10 दिन पहले बिचौलिए के माध्यम से लड़के पक्ष की नई मांगें सामने आईं। इसमें शादी में बुलेट बाइक, 51 हजार रुपए और ननद के लिए कानों के टॉप्स देने की मांग की गई। बिचौलिए ने लड़की पक्ष को बताया कि यदि ये मांगें पूरी नहीं की गईं तो लड़के वाले बारात लेकर नहीं आएंगे। इसके बाद कशीश के माता-पिता ने लड़के के पिता पल्टूराम से बात कर अपनी आर्थिक स्थिति बताई। उन्होंने कहा कि सगाई में शादी का काफी सामान और जेवरात पहले ही दिए जा चुके हैं। अब वे केवल बारात के स्वागत और शादी की व्यवस्था कर सकते हैं। बुलेट और नकदी की नई मांग पूरी करना उनके लिए संभव नहीं है। विकलांग पिता रिक्शा चलाकर चलाते हैं परिवार कशीश ने अपनी शिकायत में परिवार की आर्थिक स्थिति का भी जिक्र किया है। उसका कहना है कि उसके पिता दिव्यांग हैं और रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मां गृहिणी हैं और घर में एक गाय पाल रखी है। गाय का दूध बेचकर परिवार का खर्च चलता है। माता-पिता ने मेहनत से पैसा जोड़कर बेटी की शादी की तैयारियां की थीं। आरोप है कि लड़के पक्ष के लोगों ने पहले ही सामान और जेवरात ले लिए, लेकिन अब नई मांगें रखकर शादी से पीछे हटने की बात कर रहे हैं। पहले भी दी थी शिकायत, अब झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी का आरोप कशीश का आरोप है कि उसने 15 नवंबर को भी थाने और महिला हेल्पलाइन 1090 पर शिकायत दी थी, लेकिन अभी तक कोई समझौता या कार्रवाई नहीं हुई। अब आरोपी पक्ष के लोग उसे, उसके माता-पिता और रिश्तेदारों को फोन करके धमका रहे हैं। आरोप है कि वे राजनीतिक पहुंच का हवाला देकर कहते हैं कि उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता और विरोध करने पर झूठे मुकदमे में फंसा देंगे। कशीश ने 21 नवंबर को नकुड़ थाने में दोबारा प्रार्थना पत्र देकर जयदीप, उसके पिता पल्टूराम, मां मंतलेश, बहन रीना, भाई रजत और रवि के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में लड़की पक्ष ने सगाई में दिए गए सामान और जेवरात वापस दिलाने तथा परिवार को धमकाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User