प्रयागराज में De Facto Method के आधार पर जनगणना:16 नवंबर से स्व-गणना, लॉज-हॉस्टल में भी होगी गिनती
प्रयागराज में जनगणना को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस बार की जनगणना 'De Facto Method' (वास्तविक उपस्थिति पद्धति) के आधार पर कराई जाएगी। इस अनूठी व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य यह निर्धारित करना है कि शहर में जो व्यक्ति जिस समय जहां वास्तविक रूप से निवास कर रहा है, उसकी गणना वहीं दर्ज हो। जनगणना के लिए 16 नवम्बर से स्व-गणना होगी। यह प्रक्रिया 30 नवंबर तक चलेगी। उसके बाद 1 दिसम्बर से 4 जनवरी 2027 तक कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों की गणना करेंगे। 4 और 5 जनवरी को बेघर लोगों की गणना होगी। फिर 5 से 9 जनवरी तक संशोधन किया जाएगा। इसी के साथ जनगणना पूरी हो जाएगी। किरायेदारों और विद्यार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था
प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक, शहर के लॉज, हॉस्टल, पीजी (PG) और किराए के मकानों में रहने वाले विद्यार्थियों तथा अन्य कामकाजी लोगों की गणना उनके कागजी पते के बजाय उनके वर्तमान निवास स्थान पर ही की जाएगी। इसके लिए स्थानीय लॉज और हॉस्टल संचालकों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रगणकों को पूरा सहयोग प्रदान करें, ताकि कोई भी छात्र या किराएदार इस प्रक्रिया से अछूता न रहे। बेघर और निराश्रितों की होगी गिनती
प्रशासन ने समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े लोगों को भी इस दायरे में शामिल करने का पुख्ता प्लान बनाया है। निर्धारित रात्रि में फुटपाथ, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जीवन बसर करने वाले बेघर व्यक्तियों की शत-प्रतिशत गणना करने के लिए विशेष टीमें लगाई जाएगी। डिजिटल और पारदर्शी होगी प्रक्रिया
जनगणना प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और आधुनिक बनाने के लिए तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। इसमें लोग 16 से 30 नवंबर तक पोर्टल https://se.census.gov.in](https://se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार का विवरण खुद भर सकते हैं और प्राप्त 'SE ID' को सुरक्षित रख सकते हैं। इसके बाद घर-घर पहुँचने वाले अधिकृत प्रगणक 'PE App' के जरिए डेटा संकलित करेंगे। इस दौरान प्रत्येक परिवार के सदस्यों से 40 निर्धारित प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके सटीक उत्तर देना अनिवार्य होगा। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने सभी जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, पार्षदों, शिक्षकों, युवाओं, शिक्षण संस्थानों, मीडिया प्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संस्थाओं से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएं। प्रशासन का मुख्य ध्येय "न कोई व्यक्ति छूटेगा, न कोई परिवार छूटेगा - सही जनगणना, सशक्त प्रयागराज, विकसित भारत" के संकल्प को जमीन पर उतारना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)