लखीमपुर में 3 दिन से लापता किशोरी का शव मिला:रेलवे क्रॉसिंग के आगे रपटापुल में ग्रामीणों ने देखा शव, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
लखीमपुर खीरी के तिकुनिया कोतवाली क्षेत्र में तीन दिन से लापता किशोरी का शव गुरुवार सुबह बरसोला कला रेलवे क्रॉसिंग के आगे बने रपटापुल में मिला। शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उसकी पहचान की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किशोरी के पिता ने गांव के ही एक युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने और अपहरण का आरोप लगाया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीन दिन से घर से लापता थी किशोरी किशोरी के पिता रामनिवास के मुताबिक, उनकी बेटी 9 नवंबर से घर से गायब थी। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद 11 नवंबर को उन्होंने गांव के एक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने और अपहरण करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी थी। रपटापुल में मिला शव गुरुवार सुबह करीब सात बजे बरसोला कला रेलवे क्रॉसिंग के आगे बने पहले रपटापुल में ग्रामीणों ने शव देखा। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। परिजनों ने उसकी पहचान अपनी बेटी के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रेम प्रसंग के पहलू पर भी जांच कोतवाली प्रभारी अवनीश कुमार ने बताया कि पिता की शिकायत के आधार पर नामजद युवक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी। रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)