प्रयागराज में यूपी-यूके न्यूरोकॉन 13 नवंबर से:देशभर के न्यूरोलॉजिस्ट होंगे शामिल, ब्रेन-स्पाइन पर करेंगे चर्चा

Nov 11, 2026 - 16:29
0
प्रयागराज में यूपी-यूके न्यूरोकॉन 13 नवंबर से:देशभर के न्यूरोलॉजिस्ट होंगे शामिल, ब्रेन-स्पाइन पर करेंगे चर्चा
प्रयागराज में यूपी-यूके न्यूरोकॉन 2026 का आयोजन 13 नवंबर से होने जा रहा है। न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी के क्षेत्र में आ रही नई तकनीकों, आधुनिक उपचार एवं शोध पर विस्तृत चर्चा के लिए एएमए कन्वेंशन सेंटर में 15 नवंबर तक आयोजन होगा। तीन दिवसीय इस सम्मेलन में देश-विदेश से 200 से अधिक न्यूरोलॉजिस्ट, न्यूरोसर्जन और शोधकर्ता हिस्सा लेंगे। जिसका विषय ब्रिजिंग द फ्यूचर: प्रिसिजन एंड प्रोग्रेस इन न्यूरोसाइंसेज रखा गया है। आयोजन प्रयागराज न्यूरोलॉजिकल सोसाइटी तथा मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के न्यूरोलॉजी एवं न्यूरोसर्जरी विभाग की ओर से किया जा रहा है। आयोजन अध्यक्ष डॉ. मुकुल पांडेय ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी के विशेषज्ञों तथा युवा चिकित्सकों के बीच ज्ञान, अनुभव और नई तकनीकों का आदान-प्रदान कराना है। आयोजन सचिव एवं न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज कुमार गुप्ता ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के न्यूरोलॉजिस्टों व न्यूरोसर्जनों को कार्यक्रम में शामिल होंगे। पहले दिन होंगी कार्यशालाएं सम्मेलन से पहले 13 नवंबर को सुबह मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज परिसर के पुराने परीक्षा भवन में प्री-कॉन्फ्रेंस कार्यशालाएं आयोजित होंगी। इनमें एंडोस्कोपी विधाओं से आधुनिक स्पाइनल सर्जरी, यूनिपोर्टल और बाइपोर्टल सर्जरी, दर्द प्रबंधन हेतु इंजेक्शन तकनीक, एंडोवैस्कुलर तकनीक से ब्रेन एन्यूरिज्म के उपचार, ईईजी, ट्रांसक्रैनियल डॉप्लर तथा मूवमेंट डिसऑर्डर में बोटुलिनम टॉक्सिन इंजेक्शन पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। उसी दिन शाम पांच से सात बजे तक वीडियो प्रेजेंटेशन सत्र होगा। इसमें जटिल माइक्रोन्यूरोसर्जरी, ब्रेन ट्यूमर, एटलांटो-एक्सियल डिस्लोकेशन, कैरोटिको-कैवर्नस फिस्टुला, एंडोस्कोपिक एन्यूरिज्म क्लिपिंग, वेस्टिबुलर श्वानोमा तथा रीढ़ की नस के जटिल ट्यूमर की सर्जरी से जुड़े मामलों पर विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे। ब्रेन और स्पाइन पर चर्चा 14 और 15 नवंबर को वैज्ञानिक सत्रों में ब्रेन एवं स्पाइन सर्जरी, एन्यूरिज्म, एवीएम, मिर्गी, स्ट्रोक, पार्किंसन रोग, माइग्रेन, न्यूरोइन्फेक्शन और न्यूरोक्रिटिकल केयर पर व्याख्यान होंगे। साथ ही कम चीरे वाली सर्जरी, एंडोस्कोपिक तकनीक, न्यूरोसर्जरी में रोबोट की भूमिका, मिर्गी के आधुनिक उपचार तथा सिर में चोट के इलाज में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका पर भी चर्चा होगी। सम्मेलन में शोधपत्र और ई-पोस्टर प्रस्तुतियां भी होंगी। प्रमुख व्याख्यानों में डॉ. बी.के. मिश्रा का स्कल बेस ट्यूमर सर्जरी पर ‘दवे-छाबड़ा ओरेशन’, डॉ. अचल श्रीवास्तव का मूवमेंट डिसऑर्डर पर ‘कपिल सूद ओरेशन’ और डॉ. जयंती कालिता का भारत में न्यूरोक्रिटिकल केयर के विकास पर ‘यूके मिश्रा ओरेशन’ शामिल है। प्रेसिडेंशियल ओरेशन में डॉ. अवधेश जायसवाल पिट्यूटरी ट्यूमर की नाक के रास्ते एंडोस्कोपिक सर्जरी पर व्याख्यान देंगे, जबकि डॉ. अतुल गोयल स्पाइन सर्जरी पर विशेष व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे। आयोजन समिति के अनुसार कार्यशालाओं, वीडियो प्रस्तुतियों और वैज्ञानिक सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को न्यूरोसाइंस में आ रही नई तकनीकों और उपचार के बदलते तरीकों को समझने का अवसर मिलेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User