SGPGI में 6 सुपर-स्पेशियलिटी कोर्स को NMC की मंजूरी:MBBS के बाद सीधे बनेंगे हार्ट सर्जन, पहली बार मैटरनल-फीटल मेडिसिन में DM कोर्स शुरू होगा

Nov 11, 2026 - 16:29
0
SGPGI में 6 सुपर-स्पेशियलिटी कोर्स को NMC की मंजूरी:MBBS के बाद सीधे बनेंगे हार्ट सर्जन, पहली बार मैटरनल-फीटल मेडिसिन में DM कोर्स शुरू होगा
SGPGI लखनऊ के छह सुपर-स्पेशियलिटी कोर्स को नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने मान्यता दे दी है। इसके साथ ही संस्थान में देश के पहले मैटरनल एंड फीटल मेडिसिन DM और CVTS के छह वर्षीय MCh कोर्स शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। अब MBBS के बाद सीधे छह साल की पढ़ाई कर हार्ट सर्जन बनने का मौका मिलेगा। गर्भ में पल रहे बच्चे की बीमारियों के इलाज के लिए भी विशेषज्ञ डॉक्टर तैयार किए जाएंगे। वहीं, हेमेटोपैथोलॉजी में DM कोर्स शुरू करने वाला SGPGI यूपी का पहला संस्थान होगा। गर्भ में पल रहे बच्चे के इलाज के लिए तैयार होंगे विशेषज्ञ मैटरनल एंड फीटल मेडिसिन में DM कोर्स के तहत गर्भ में पल रहे बच्चे को भी मरीज मानकर इलाज की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसमें जन्म से पहले होने वाली जांच, भ्रूण की बीमारियों की पहचान और फीटल थेरेपी की जानकारी दी जाएगी। इससे जन्मजात बीमारियों और गर्भस्थ शिशु की जटिल स्थितियों का समय रहते पता लगाने में मदद मिलेगी। संस्थान के मुताबिक, इससे मातृ मृत्यु दर, मृत जन्म और नवजात मृत्यु दर कम करने में भी मदद मिल सकती है। हार्ट सर्जरी के लिए MBBS के बाद सीधे छह साल की पढ़ाई CVTS में छह साल के MCh कोर्स के तहत MBBS के बाद ही छात्र हार्ट सर्जरी की ट्रेनिंग ले सकेंगे। इसके लिए उन्हें पहले तीन साल की MS जनरल सर्जरी करने की जरूरत नहीं होगी। संस्थान के मुताबिक, देश में पहली बार इस तरह का छह वर्षीय कोर्स शुरू किया जा रहा है। इससे हार्ट सर्जरी के लिए विशेषज्ञ सर्जन तैयार होंगे। थैलेसीमिया और हीमोफीलिया के इलाज को मिलेंगे विशेषज्ञ हेमेटोपैथोलॉजी में DM कोर्स के तहत ब्लड से जुड़ी बीमारियों की जांच और इलाज के लिए विशेषज्ञ तैयार किए जाएंगे। इससे थैलेसीमिया और हीमोफीलिया जैसे गंभीर मामलों में इलाज की सुविधाएं मजबूत होंगी। SGPGI का हेमेटोलॉजी विभाग 2011 से DM क्लिनिकल हेमेटोलॉजी कोर्स चला रहा है। लंबे समय के दर्द का इलाज करेंगे विशेषज्ञ पेन मेडिसिन में DM कोर्स के तहत लंबे समय से दर्द की समस्या से जूझ रहे मरीजों के इलाज के लिए विशेषज्ञ तैयार होंगे। संस्थान की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, देश में करीब 30% वयस्क क्रोनिक पेन से पीड़ित हैं। इनमें गंभीर दर्द वाले करीब 80% लोगों को उचित इलाज नहीं मिल पाता। नए कोर्स में दवाओं के साथ दर्द कम करने की आधुनिक प्रक्रियाओं की ट्रेनिंग दी जाएगी। कैंसर और बच्चों के इलाज में भी बढ़ेगी विशेषज्ञता रेडियोथेरेपी एंड ऑन्कोलॉजी के छह वर्षीय कोर्स में कैंसर की पहचान, स्टेज तय करने, रेडिएशन और कीमोथेरेपी से इलाज की ट्रेनिंग दी जाएगी। वहीं पीडियाट्रिक यूरोलॉजी में छह साल के MCh कोर्स से बच्चों के पेशाब और मूत्र संबंधी जटिल रोगों के इलाज के लिए विशेषज्ञ तैयार होंगे। बता दे कि संस्थान के निदेशक प्रो.आरके धीमन NMC के पोस्टग्रेजुएट मेडिकल एजुकेशन बोर्ड की नए कोर्स को मान्यता देने वाली समिति के सदस्य भी हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User