पत्नी ने जेठ-जेठानी के साथ मिलकर पति को मार डाला:मां बोली- दो दिन से चल रहा था विवाद, पत्नी हिरासत में

Nov 11, 2026 - 17:20
0
पत्नी ने जेठ-जेठानी के साथ मिलकर पति को मार डाला:मां बोली- दो दिन से चल रहा था विवाद, पत्नी हिरासत में
लखीमपुर खीरी जिले के तिकुनिया कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। तिकुनिया के कड़ियाँ गांव में पारिवारिक कलह के चलते एक 25 वर्षीय युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप मृतक की ही पत्नी, उसके बड़े भाई (जेठ) और जेठानी पर लगा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। दो दिन से चल रहा था विवाद मृतक की पहचान कड़ियां गांव निवासी 25 वर्षीय सुभाष पुत्र उदय भान के रूप में हुई है। मृतक की मां मीना देवी के अनुसार, घर में पिछले दो दिनों से किसी बात को लेकर तनाव बना हुआ था। सुभाष और उसकी पत्नी पूनम के बीच अनबन चल रही थी, जिसमें सुभाष का बड़ा भाई मिथुन और उसकी पत्नी भी शामिल थे। बुधवार सुबह करीब 11 बजे एक बार फिर किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते बात इतनी बिगड़ गई कि बहू पूनम, बड़े बेटे मिथुन और उसकी पत्नी ने मिलकर सुभाष पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। तीनों ने मिलकर सुभाष की इतनी बेरहमी से पिटाई की कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मां बोली- शोर सुनकर पहुंची तो पड़ा था बेटे का शव मृतक की मां मीना ने रोते-बिलखते हुए पुलिस को आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया कि जब घर के भीतर से शोर-शराबा और चीख-पुकार सुनाई दी, तो वह दौड़कर मौके पर पहुंचीं। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उनका 25 वर्षीय बेटा सुभाष खून से लथपथ और बेसुध अवस्था में जमीन पर पड़ा हुआ था और उसकी सांसें थम चुकी थीं। मां के चीखने-चिलाने पर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए और घटना की जानकारी तुरंत तिकुनिया कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस जांच और चोट के निशानों पर सस्पेंस घटना की सूचना मिलते ही तिकुनिया कोतवाली पुलिस टीम तुरंत कड़ियां गांव पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर जिला मुख्यालय पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मामले की जानकारी देते हुए तिकुनिया कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि युवक की मौत की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी। मृतक के शरीर पर चोट के कुछ निशान मिले हैं, जो प्रथम दृष्टया थोड़े पुराने प्रतीत हो रहे हैं। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा। फिलहाल मृतक की पत्नी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User