पत्नी से झगड़े के बाद गोमती नदी में कूदा पति:लखनऊ में युवक ने छलांग लगाकर जान बचाई; सुरक्षित बाहर निकाला
लखनऊ में पत्नी से विवाद के बाद पति ने गोमती नदी में छलांग लगा दी। नदी में डूबता देख किनारे खेत में मौजूद ललित निषाद ने अपनी जान की परवाह किए बिना उसे बचा लिया। युवक को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद पुल पर मौजूद राहगीरों ने ललित की बहादुरी और सूझबूझ की जमकर सराहना की। पत्नी से विवाद के बाद पहुंचा था पुल पर जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान राम सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से माल थाना क्षेत्र के बदईया टीकारी गांव का रहने वाला है। वर्तमान में वह लखनऊ के फैजुल्लागंज इलाके में गार्ड की नौकरी करता है। बताया जा रहा है कि राम सिंह का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इससे परेशान होकर वह माँझी घाट स्थित गोमती नदी पुल पर पहुंचा और नदी में छलांग लगा दी। युवक को डूबता देख नदी में कूदे ललित निषाद घटना के समय ललित निषाद नदी किनारे खेत में मौजूद थे। अचानक उनकी नजर नदी में डूब रहे युवक पर पड़ी। युवक को जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करता देख ललित ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने साहस दिखाते हुए युवक तक पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते मिली मदद से युवक की जान बच गई। युवक बोला- आत्महत्या करने के इरादे से कूदा था नदी से सुरक्षित बाहर निकाले जाने के बाद राम सिंह ने बताया कि पत्नी से विवाद के चलते वह मानसिक रूप से परेशान था। इसी कारण उसने आत्महत्या करने के इरादे से गोमती नदी में छलांग लगाई थी। युवक ने कहा कि यदि समय रहते मदद नहीं मिलती तो उसकी जान जा सकती थी। पुल पर जुटी भीड़, लोगों ने की बहादुरी की तारीफ घटना के दौरान माँझी घाट पुल पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। नदी से युवक को सुरक्षित बाहर निकाले जाने पर लोगों ने राहत की सांस ली। मौके पर मौजूद राहगीरों ने ललित निषाद के साहस की सराहना की। लोगों का कहना था कि ललित ने अपनी जान जोखिम में डालकर एक युवक की जिंदगी बचाई। उनकी तत्परता और सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)