पुलिस लाइन में 65 हजार दीयों से सजा भव्य दीपोत्सव:अधिकारियों ने दीं शुभकामनाएं, गाजियाबाद में ब्लास्ट के बाद सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Nov 07, 2026 - 23:34
0
पुलिस लाइन में 65 हजार दीयों से सजा भव्य दीपोत्सव:अधिकारियों ने दीं शुभकामनाएं, गाजियाबाद में ब्लास्ट के बाद सुरक्षा के कड़े इंतजाम
दीपावली के पावन अवसर पर बरेली पुलिस लाइन का मैदान दीपों की अलौकिक छटा से रोशन हो उठा। पुलिस परिवार द्वारा आयोजित दीपोत्सव में 65 हजार दीये प्रज्वलित किए गए। मैदान में दीयों से स्वास्तिक और ओम जैसी कई आकर्षक व मनमोहक आकृतियां बनाई गईं, जिसने वहां उपस्थित पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में कमिश्नर, डीआईजी, डीएम और एसएसपी समेत पुलिस महकमे के सभी वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी सपरिवार शामिल हुए। कमिश्नर शंभू कुमार ने की अपील, सौहार्द और शांति से मनाएं रोशनी का पर्व आयोजन के दौरान कमिश्नर शंभू कुमार ने पुलिस लाइन में सजे इस भव्य दीपोत्सव की प्रशंसा की। उन्होंने पूरे जनपद और बरेली मंडल के नागरिकों को दीपावली की बधाई देते हुए कहा कि यह प्रकाश पर्व सभी के जीवन में खुशहाली लाए। साथ ही उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे आपसी प्रेम, सद्भाव और पूरी सतर्कता के साथ शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार का आनंद लें। धनतेरस पर बिना जाम सकुशल निपटी व्यवस्था, दीपावली पर सुरक्षा और पुख्ता डीआईजी बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका साझा करते हुए बताया कि धनतेरस का पर्व पूरे रेंज में पूरी तरह शांतिपूर्ण और बिना किसी ट्रैफिक जाम की समस्या के संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि पुलिस की मुस्तैदी के कारण बाजारों में नागरिकों को किसी तरह की असुविधा नहीं हुई और इसी तरह दीपावली व आने वाले अन्य त्योहारों के दौरान भी चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था जारी रहेगी। जोन और सेक्टर प्रणाली लागू, सुरक्षा कड़ी गाजियाबाद पुलिस चौकी में हुए ब्लास्ट के बाद त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे बरेली परिक्षेत्र को विभिन्न जोन और सेक्टरों में बांटा गया है। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस पीआरवी व गश्ती गाड़ियां 24 घंटे लगातार चक्कर लगा रही हैं। इसके अलावा थाने स्तर से लेकर उच्चाधिकारियों तक बाजारों और प्रमुख चौराहों पर लगातार फुट पेट्रोलिंग कर रहे हैं, ताकि आमजन के बीच सुरक्षा का भरोसा बना रहे। खुफिया तंत्र पूरी तरह सक्रिय, उपद्रवियों और अफवाहों पर पैनी नजर डीआईजी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था केवल सड़कों तक सीमित नहीं है, बल्कि अभिसूचना (इंटेलीजेंस) इकाइयों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। विभिन्न क्षेत्रों से लगातार इनपुट जुटाए जा रहे हैं और सोशल मीडिया से लेकर धरातल तक हर गतिविधि पर पैनी निगरानी रखी जा रही है, जिससे शरारती तत्वों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके और लोग बेखौफ होकर पर्व मना सकें। डीएम अविनाश सिंह बोले- बाजारों में व्यवस्थाएं चाक-चौबंद, जनता बेखौफ होकर करे खरीदारी जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जनपदवासियों को दीपावली की बधाई देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह मुस्तैद है। बाजारों में साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए मजिस्ट्रेटों और संबंधित विभागों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे उत्साह, शांति और पर्यावरण के अनुकूल सुरक्षित तरीके से रोशनी का पर्व मनाएं। एसएसपी अनुराग आर्य का संदेश- चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात, हुड़दंगियों पर होगी कड़ी कार्रवाई एसएसपी अनुराग आर्य ने सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि दीपावली पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरे जनपद में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। भीड़भाड़ वाले बाजारों, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ सादी वर्दी में जवान तैनात किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि माहौल बिगाड़ने या हुड़दंग करने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर है और किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ये अधिकारी रहे मौजूद इस अवसर पर SP सिटी चिराग जैन, SP साउथ अंशिका वर्मा, ASP शिवम आशुतोष, SP क्राइम मनीष सोनकर, SP ट्रैफिक अकमल खान, CDO देवयानी सहित पुलिस एवं प्रशासन के तमाम अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User