रामचरितमानस-पाठ के दौरान चले लाठी-डंडे, VIDEO:हरदोई में 7 नामजद आरोपियों पर हत्या की कोशिश, केस दर्ज
हरदोई जनपद के थाना मझिला क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जलालपुर स्थित शिव मंदिर परिसर में एक धार्मिक अनुष्ठान के दौरान रंजिश को लेकर हमला होने का मामला सामने आया है। दावा है बीती 10 नवंबर की रात को रामचरितमानस पाठ के दौरान लाठी-डंडों और तमंचों से लैस होकर आए दबंगों ने प्रार्थी और उसके परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात में फायरिंग भी की गई, जिसमें बाल-बाल बचे परिवार के पांच सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस संबंध में बुधवार की देर शाम 6:21 पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के संबंध में वीडियो भी वायरल है। रामचरितमानस पाठ का आयोजन प्रार्थी संजय त्रिवेदी पुत्र वेद प्रकाश द्वारा थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, 10 नवंबर को रात करीब 10:30 बजे गांव के शिव मंदिर परिसर में रामचरितमानस पाठ का आयोजन चल रहा था। इस दौरान संजय त्रिवेदी और राहुल रामायण का पाठ कर रहे थे, जबकि उनकी मां रन्ना देवी, निखिल और स्वामी दयाल वहां बैठे हुए थे। तभी रंजिश के चलते 7 नामजद आरोपियों—श्रवण कुमार त्रिवेदी, अभिनव त्रिवेदी, विपिन त्रिवेदी (निवासी जलालपुर) तथा विशाल शुक्ला, अमरीश उर्फ दीपू, चन्नू शुक्ला और अंशुल शुक्ला (निवासी हुईला, थाना मझिला)—ने मंदिर परिसर में अचानक धावा बोल दिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से अंधाधुंध मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में संजय त्रिवेदी, उनकी मां रन्ना देवी, चचेरा भाई राहुल, भतीजा शाश्वत और प्रमोद त्रिवेदी गंभीर रूप से घायल हो गए। दावा है आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की, जिससे प्रार्थी और अन्य लोग बाल-बाल बच गए। हमले के कारण संजय, रन्ना देवी, राहुल और शाश्वत मौके पर ही बेहोश हो गए। मौके पर मौजूद स्वामी दयाल और निखिल समेत अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में कराया गया। पुलिस ने मामले में हत्या की कोशिश (धारा 109(1) BNS) समेत दंगा फैलाने और अन्य गंभीर धाराओं (191, 192, 115(2), 352, 110 BNS) में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष वीर बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)