रंगदारी नहीं देने पर शोरूम मालिक और साथी पर हमला:मेरठ में कार में तोड़फोड़, सोने की चेन भी छीनी; घटना CCTV में कैद
मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र में रंगदारी नहीं देने पर बाइक शोरूम संचालक और उनके साथी पर हमला किया गया। दिल्ली रोड के मोहद्दीनपुर स्थित आरवी हीरो शोरूम में गुरुवार को हुई घटना CCTV में कैद हो गई। हमलावरों ने बाहर खड़ी कार में भी तोड़फोड़ की। शोरूम संचालक अजय कुमार के मुताबिक, वह करीब आठ साल से मोहद्दीनपुर में हीरो मोटरसाइकिल का शोरूम चला रहे हैं। उनका आरोप है कि कायस्थ गढ़ी गांव के शक्ति नेहरा और हरेंद्र के बेटे निर्मल नेहरा कुछ समय से उन पर दबाव बना रहे थे। दोनों उनसे हर महीने 20 से 25 हजार रुपए मांग रहे थे। अजय ने दीपावली पर रकम देने से इनकार कर दिया था। अजय ने बताया कि गुरुवार सुबह वह और मनीष कुमार शोरूम पहुंचे ही थे कि शक्ति नेहरा अपने भाई और आधा दर्जन से ज्यादा युवकों के साथ वहां आया। आरोप है कि युवकों ने लोहे की रॉड और डंडों से दोनों को पीटा। इस दौरान अजय की सोने की चेन भी तोड़ ली गई। जान बचाने के लिए दोनों वहां से भागे। आरोपी धमकी देकर फरार हो गए। व्यापारियों ने घटना का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर साझा किया और एसएसपी से शिकायत की। उनका कहना है कि खुलेआम रंगदारी मांगने और हमले होने से शहर में कारोबार करना मुश्किल होगा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)