80 हजार मेहमानों की दावत, 657 कारों की पार्किंग:अलीगढ़ में मंत्री संदीप-सौरभ की सगाई के लिए सजा महलनुमा पंडाल, 14 नवंबर को सगाई

Nov 12, 2026 - 16:13
0
80 हजार मेहमानों की दावत, 657 कारों की पार्किंग:अलीगढ़ में मंत्री संदीप-सौरभ की सगाई के लिए सजा महलनुमा पंडाल, 14 नवंबर को सगाई
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के परिवार में होने वाले दोहरे मांगलिक आयोजन को लेकर अलीगढ़ में तैयारियां अंतिम दौर में हैं। प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह और उनके छोटे भाई सौरभ सिंह वर्मा की 14 नवंबर को सगाई होगी। रामघाट कल्याण मार्ग स्थित तालानगरी का 100 बीघा मैदान महलनुमा पंडाल में तब्दील हो चुका है। करीब 80 हजार मेहमानों की दावत, 657 कारों की पार्किंग और चार मंचों के इंतजाम किए गए हैं। इस आयोजन में अतरौली विधानसभा पर खास फोकस रखा गया है। यह संदीप सिंह की गृह विधानसभा है। यहां के हर गांव और परिवार तक निमंत्रण पहुंचाने का अभियान चल रहा है। स्कूल की दोस्त मेघना से संदीप का रिश्ता, सौरभ की दुल्हन बनेंगी अंतरा इस दोहरे आयोजन में दो अलग-अलग परिवारों के साथ रिश्तेदारी जुड़ने जा रही है। संदीप सिंह की सगाई मेघना चौधरी के साथ होगी। मेघना का परिवार गाजियाबाद में रहता है, जबकि उनकी पारिवारिक जड़ें अलीगढ़ के गोंडा ब्लॉक के रुदायन उर्फ तारापुर गांव से जुड़ी हैं। संदीप और मेघना की मुलाकात दिल्ली पब्लिक स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी। स्कूल के दिनों की पहचान अब जीवनभर के रिश्ते में बदलने जा रही है। वहीं, संदीप सिंह के छोटे भाई सौरभ सिंह वर्मा की सगाई अंतरा त्यागी से होगी। अंतरा के माता-पिता देवेश त्यागी और अनुराधा हैं। दोनों भाइयों की सगाई एक ही दिन और एक ही समारोह में होने से कल्याण सिंह परिवार में दोहरी खुशियां मनाई जाएंगी। अतरौली के गांव-गांव न्योता, बसों से पहुंचेंगे लोग सगाई समारोह को लेकर अतरौली विधानसभा में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। क्षेत्र के गांवों से लेकर परिवारों तक निमंत्रण पहुंचाए जा रहे हैं। बड़ी संख्या में लोगों के समारोह में शामिल होने की संभावना को देखते हुए बसों के इंतजाम भी किए गए हैं। अतरौली के अलावा पूरे अलीगढ़ जिले और आसपास के जिलों से भी लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है। कल्याण सिंह का राजनीतिक प्रभाव क्षेत्र अलीगढ़ के साथ आसपास के जिलों तक रहा है। ऐसे में उनके परिवार के इस आयोजन में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों की बड़ी भागीदारी का अनुमान है। निमंत्रण वितरण का काम अभी भी जारी है। आयोजन की तैयारियों में परिवार के सदस्यों और समर्थकों के साथ बड़ी टीम जुटी हुई है। चार मंच, अलग-अलग वीवीआईपी और जनरल एरिया तालानगरी के सौबी के मैदान में तैयार पंडाल को मेहमानों की श्रेणी और आयोजन की जरूरत के हिसाब से अलग-अलग हिस्सों में बांटा गया है। पूरे परिसर में चार मंच बनाए गए हैं। इनमें दो सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और परफॉर्मेंस के लिए हैं। एक मुख्य मंच दोनों भाइयों और उनकी होने वाली जीवनसंगिनियों के लिए सजाया गया है, जबकि चौथा मंच वीवीआईपी अतिथियों के लिए निर्धारित है। वीवीआईपी लाउंज में विशिष्ट मेहमानों के बैठने और मेजबानी के विशेष इंतजाम हैं। दूसरी तरफ जनरल कैटेगरी के मेहमानों के लिए अलग क्षेत्र बनाया गया है। यहां बैठने, भोजन और कार्यक्रम देखने की व्यवस्था रहेगी। कैनोपी और बुफे गैलरी के साथ पूरे परिसर को अलग-अलग हिस्सों में सजाया गया है। 657 कारों की पार्किंग, 1033 फीट तक फैला मैदान आयोजन स्थल के तैयार लेआउट में करीब 881 फीट चौड़ाई और एक तरफ 1033 फीट लंबाई दर्शाई गई है। नक्शे के मुताबिक यहां 657 कारों की पार्किंग की क्षमता निर्धारित की गई है। वीआईपी पार्किंग आयोजन स्थल के पिछले हिस्से में रखी गई है, ताकि विशिष्ट अतिथियों की आवाजाही आम मेहमानों से अलग रहे। पंडाल में 123×50 फीट का कॉटेज एरिया और 80×60 फीट का किचन बनाया गया है। इसके अलावा 100×80 फीट का ड्राइवर टेंट, लेबर टेंट, फ्लावर टेंट, ग्रीन रूम, वाशरूम और मेडिकल रूम की व्यवस्था है। मंच के आसपास कंट्रोल एरिया और बैरिकेडिंग भी की गई है। 80 हजार लोगों की दावत, 50 से 60 तरह के व्यंजन समारोह में करीब 80 हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था की जा रही है। मेन्यू में 50 से 60 तरह के व्यंजन शामिल किए जाने का अनुमान है। कई प्रकार की मिठाइयां, हलवा, गुलाब जामुन, रसगुल्ला और विभिन्न सब्जियों के साथ कई तरह के पकवान तैयार होंगे। दावत की जिम्मेदारी शहर के एक बड़े कैटरर्स को दी गई है। इसके लिए करीब एक हजार कर्मचारियों की टीम लगाई जा रही है। इसमें हलवाई, रसोइये, सहायक और वेटर शामिल होंगे। खाना बनाने से लेकर मेहमानों को परोसने तक के लिए अलग-अलग टीमें काम करेंगी। मुरादाबाद के टेंट कारोबारी ने सजाया महलनुमा पंडाल पूरे आयोजन स्थल की सजावट और कॉटेज, टेंटेज तथा लकड़ी का काम मुरादाबाद के टेंट कारोबारी ने कराया है। मैदान में तैयार ढांचा किसी महल की तरह नजर आ रहा है। अतिथियों के बैठने, मंचों और वीआईपी लाउंज की सजावट पर विशेष ध्यान दिया गया है। सीएम योगी, दोनों डिप्टी सीएम समेत कई दिग्गजों के आने का अनुमान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य के पहुंचने का अनुमान है। इनके अलावा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, दिनेश शर्मा, संतोष गंगवार समेत कई अन्य राजनीतिक और विशिष्ट अतिथियों के आने की संभावना है। हालांकि, इन सभी के कार्यक्रम अभी अनुमानित हैं। आधिकारिक वीवीआईपी कार्यक्रम का इंतजार किया जा रहा है। तीन स्थानों पर हेलिपैड, धनीपुर हवाई पट्टी मुख्य केंद्र हवाई मार्ग से आने वाले मेहमानों के लिए धनीपुर हवाई पट्टी को मुख्य केंद्र बनाया गया है। रामघाट रोड स्थित पीएसी मैदान में वैकल्पिक हेलिपैड तैयार किया जा रहा है। ग्लोबल रेजिडेंसी बाईपास पर भी हेलिपैड बनाया गया है। यहां पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बेटे प्रतीक भूषण सिंह के उतरने का अनुमान है। जरूरत के अनुसार अन्य विशिष्ट अतिथियों के लिए भी इन स्थानों का इस्तेमाल किया जा सकता है। तीन एएसपी, सात सीओ और 700 पुलिसकर्मियों की तैयारी संभावित वीवीआईपी आगमन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा का खाका तैयार किया है। अलीगढ़ पुलिस के अलावा आसपास के रेंज और जोन के जिलों से तीन एडिशनल एसपी, सात सीओ और करीब 700 पुलिसकर्मी मांगे गए हैं। इनमें इंस्पेक्टर और सिपाही शामिल होंगे। आयोजन स्थल, पार्किंग, हवाई मार्ग और अतिथियों के आवागमन वाले रास्तों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाई जा रही है। मेरिस रोड स्थित राज पैलेस में भी तैयारियां आयोजन स्थल तक पहुंचने वाली सड़क को दुरुस्त कराया गया है। पहले उखड़ी हुई सड़क पर नई सड़क डाली गई है। मैदान में सुरक्षा और फायर सेफ्टी के इंतजाम भी किए गए हैं। उधर, मेरिस रोड स्थित संदीप सिंह के आवास राज पैलेस में भी सजावट और तैयारियां जोरों पर हैं। परिवार के सदस्य और कर्मचारी निमंत्रण वितरण से लेकर मेहमानों की अगवानी तक की व्यवस्थाओं में जुटे हैं। 26 को दिल्ली में शादी, 27 को रिसेप्शन अलीगढ़ में 14 नवंबर को सगाई के बाद दोनों भाइयों के विवाह समारोह दिल्ली में प्रस्तावित हैं। 26 नवंबर को द लीला होटल में शादी और 27 नवंबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में रिसेप्शन आयोजित होने की तैयारी है। इन कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री समेत देश के कई बड़े राजनीतिक और विशिष्ट अतिथियों के पहुंचने का अनुमान है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User