शारदा विश्वविद्यालय में आपदा मॉक ड्रिल हुई:हवाई हमले की चेतावनी, रेड अलर्ट और ब्लैकआउट का अभ्यास
शारदा विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा में आज शाम 6 बजे सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल हुई। इसमें हवाई हमले की चेतावनी, रेड अलर्ट और ब्लैकआउट जैसी स्थितियों में राहत और बचाव की तैयारियां परखी गईं। अभ्यास अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका की अध्यक्षता में हुआ। मॉक ड्रिल में पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, वन विभाग, आपदा मित्र और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की टीमें शामिल हुईं। टीमों ने चेतावनी प्रणाली चलाने, लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाने, ब्लैकआउट लागू करने और राहत-बचाव काम शुरू करने का अभ्यास किया। पुलिस ने सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात संभाला। अग्निशमन दल ने काल्पनिक आग में बचाव अभियान चलाया। स्वास्थ्य विभाग ने एंबुलेंस चलाने और प्राथमिक उपचार का अभ्यास किया। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ ने क्षतिग्रस्त इमारतों में फंसे लोगों को निकालने की तकनीक दिखाई। विद्युत विभाग ने ब्लैकआउट और बिजली बहाल करने का अभ्यास किया। लोक निर्माण विभाग ने रास्ते खुले रखने और मलबा हटाने की तैयारी की। परिवहन विभाग ने आपातकालीन वाहनों के आने-जाने का अभ्यास किया। अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका ने कहा कि ऐसे अभ्यास आपदा से निपटने की तैयारियों को मजबूत करते हैं और संकट के समय लोगों की सुरक्षा में मदद करते हैं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से सतर्क रहने और संसाधनों व उपकरणों को चालू हालत में रखने को कहा। इस दौरान एडीसीपी अर्चना सिंह, डिप्टी कलेक्टर अभिनेंद्र सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंदन सोनी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)