कार छूने के विवाद में पूर्व प्रधान प्रतिनिधि से मारपीट:सुल्तानपुर में गला दबाने, लूटपाट और जान से मारने की धमकी का आरोप
सुल्तानपुर के लंभुआ कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार रात कार छूने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में मामला कोतवाली पहुंचा, जहां किसान संगठनों के कई नेता भी पहुंचे। पूर्व प्रधान प्रतिनिधि ने दूसरे पक्ष पर मारपीट, गला दबाने, लूटपाट और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। कार छूने को लेकर हुआ विवाद नेद्रापुर के रहने वाले और पूर्व प्रधान प्रतिनिधि आनंद प्रताप सिंह उर्फ बंटी के मुताबिक, वह गुरुवार को अपने मित्र की कार से कमला मार्केट से बच्चों का सामान लेकर लौट रहे थे। रात करीब 8:30 बजे चौराहे के पास सड़क पार करते समय उन्होंने डिपर दिया और हाथ से इशारा किया। आरोप है कि इसी दौरान पीछे से आई स्विफ्ट डिजायर कार उनकी गाड़ी से टकराकर छू गई। आनंद प्रताप सिंह का कहना है कि इस घटना में किसी भी गाड़ी को नुकसान नहीं हुआ था। उन्होंने नुकसान की भरपाई करने की बात कहकर विवाद खत्म करना चाहा, लेकिन आरोप है कि कार सवार लोग उतरकर गाली-गलौज करने लगे। कार के अंदर गला दबाने का लगाया आरोप आनंद प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि शशिकांत अग्रहरि और विजय के बेटे ऋतिक अग्रहरि ने कार के अंदर उनका गला दबाया। इससे वह अचेत होने लगे। उनके मित्र ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। उनके मुताबिक, इसके बाद दूसरे पक्ष के परिजन और करीब आधा दर्जन से अधिक लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने गाड़ी की चाबी निकाल ली, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने सिर, पेट, पीठ और गले पर हमला कर मारपीट करने के साथ लूटपाट का भी आरोप लगाया है। दुकान से लाठी निकालने की कोशिश का भी आरोप आनंद प्रताप सिंह के बयान के मुताबिक, एक आरोपी दुकान से लाठी निकालने लगा, लेकिन मौके पर मौजूद एक बुजुर्ग ने उसे रोक दिया। उन्होंने बताया कि वह आरोपियों को पहले से नहीं जानते थे। बाद में उन्हें जानकारी हुई कि आरोपी चौराहे पर आए दिन इस तरह की हरकतें करते हैं। पुलिस से केस दर्ज कर सुरक्षा देने की मांग आनंद प्रताप सिंह ने बताया कि वह किसान नेता और पूर्व प्रधान प्रतिनिधि के तौर पर करीब 18-20 साल से सामाजिक सेवा से जुड़े हैं। उनका आरोप है कि सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल करने के उद्देश्य से उनके साथ यह घटना की गई। उन्होंने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज करने, उन्हें जेल भेजने और अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। मामले में पुलिस की कार्रवाई के संबंध में जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)