सहारनपुर में टेंट कारोबारी के बेटे को पीटा:पिता ने जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया, दो नामजद समेत तीन पर FIR
सहारनपुर के सदर बाजार थाना क्षेत्र में टेंट कारोबारी के बेटे को बेल्टों से पीटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुकान पर बैठने से मना करने की रंजिश में तीन लोगों ने राहुल को घेरकर पीटा। कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने बुधवार सुबह दो नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज की है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों पर लगातार जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। हिम्मतनगर की गली नंबर-4 निवासी अनिल कुमार की इलाके में टेंट की दुकान है। उन्होंने पुलिस को बताया कि नाजिरपुरा निवासी हिमांशु उर्फ पान्नू अक्सर उनकी दुकान पर आकर बैठता था। उसकी गतिविधियां ठीक नहीं लगने पर अनिल और उनके बेटों राहुल व सन्नी ने उसे दुकान पर बैठने से मना कर दिया था। इसी बात को लेकर हिमांशु उनसे रंजिश रखने लगा। अनिल के मुताबिक, इसके बाद हिमांशु उनके बेटों से गाली-गलौज करने लगा। परिवार विवाद से बचने के लिए उसकी बातों को नजरअंदाज करता रहा। आरोप है कि 10 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे राहुल पेपर मिल रोड पर ठेके के पास एक डेयरी के नजदीक था। तभी हिमांशु, नाजिरपुरा निवासी अक्षय और उनका एक अज्ञात साथी वहां पहुंचा। तीनों ने राहुल को घेर लिया और बेल्टों से पीटना शुरू कर दिया। अनिल अपनी पत्नी के साथ मौके पर पहुंचे और राहुल को आरोपियों से छुड़ाया। शिकायत में डेयरी संचालक सलमान और पेंटर रजनीश को घटना का गवाह बताया गया है। अनिल का कहना है कि आपसी दुश्मनी बढ़ने के डर से उन्होंने पहले शिकायत नहीं की थी। अब आरोपी उनके बेटों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने हिमांशु उर्फ पान्नू और अक्षय समेत तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)