श्रीलंकाई महिला की नागरिकता छिपाकर फर्जी दस्तावेज बनवाए:पति समेत तीन गिरफ्तार, पासपोर्ट के लिए भी किया था आवेदन
पीलीभीत के पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के शेरपुर कलां में श्रीलंका की एक महिला की नागरिकता छिपाकर फर्जी दस्तावेज बनवाने के आरोप में पुलिस ने उसके पति समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला का नाम बदलकर निवास और मूल निवास प्रमाण पत्र बनवाए गए। इनके आधार पर आधार कार्ड बनवाया गया और पासपोर्ट के लिए आवेदन किया गया।
पुलिस के अनुसार, शेरपुर कलां के मोहल्ला नवदिया, वार्ड नंबर पांच के निवासी मोहम्मद इमरान 2018 में काम के सिलसिले में जॉर्डन के अकाबा शहर गए थे। वहां एक गारमेंट कंपनी में काम करते समय उनकी मुलाकात श्रीलंका की सुरैनी वंतिका से हुई।
दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने के बाद सुरैनी मार्च 2019 में टूरिस्ट वीजा पर भारत आईं। उन्होंने इमरान से निकाह किया। 3 जून 2019 को दोनों ने कोर्ट मैरिज भी की। इसके बाद महिला का नाम बदलकर जैनब बेगम रख दिया गया। महिला की श्रीलंकाई नागरिकता छिपाई
आरोप है कि वीजा की अवधि खत्म होने के बाद इमरान, जैनब और प्रधान प्रतिनिधि नजीब खां ने मिलकर महिला की श्रीलंकाई नागरिकता छिपाई। इसके बाद फर्जी निवास और मूल निवास प्रमाण पत्र बनवाए गए। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर आधार कार्ड बनवाया गया। 26 जुलाई 2021 को पासपोर्ट के लिए आवेदन किया गया।
पासपोर्ट कार्यालय, बरेली से मिले शिकायत पत्र की जांच के बाद पुलिस ने 12 नवंबर को केस दर्ज किया। गुरुवार दोपहर करीब दो बजे पुलिस ने इमरान, जैनब बेगम और नजीब खां को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि तीनों को अदालत में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। प्रमाण पत्र जारी करने वालों की भूमिका पर सवाल
मामले में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र जारी करने वाले ग्राम पंचायत अधिकारी और निवास प्रमाण पत्र बनाने वाले लेखपाल की भूमिका भी जांच के दायरे में है। सवाल उठ रहे हैं कि विदेशी नागरिकता से संबंधित तथ्यों का सत्यापन किए बिना प्रमाण पत्र कैसे जारी कर दिए गए। अब पुलिस इन दस्तावेजों को तैयार करने की प्रक्रिया और संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की भी पड़ताल कर सकती है। थाना प्रभारी पवन पांडेय ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया गुरुवार को मुकदमा पंजीकृत करने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)