शूटर से कराई थी किन्नर के पति की हत्या:गोरखपुर में बंटवारे का विवाद, 2 पिस्टल के साथ 6 हत्यारोपी गिरफ्तार
गोरखपुर के गगहा थाना क्षेत्र में 19 नवंबर को हुए रविकेश गौतम हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 2 अवैध पिस्टल .32 बोर, 5 जिंदा कारतूस, 4 मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल की गई 1 कार और 1 बाइक बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक, हत्या की वजह क्षेत्र के बंटवारे को लेकर दो किन्नरों के बीच की रंजिश थी। इसी रंजिश में मनचली किन्नर ने बिजली किन्नर और उसके पति रविकेश गौतम की हत्या की साजिश रची थी। घटना को अंजाम देने वाला शूटर शेरू फरार है। पुलिस तलाश में दबिश दे रही है। गिरफ्तार हुए 6 आरोपी गगहा पुलिस ने गुरुवार की भोर में आजमगढ के जीयनपुर थाना क्षेत्र के महरुपुर निवासी धर्मप्रकाश उर्फ अंकित कुमार, मऊ के गोहना मोहम्मदाबाद के करन कुमार, दुर्गेश कुमार उर्फ लालू, सूरज कुमार, गोला की मनचली उर्फ सन्नी किन्नर और गगहा सोनईचा के अजय शर्मा को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने 2 पिस्टल, 5 कारतूस, 4 मोबाइल, चार पहिया और दो पहिया वाहन बरामद किया है। इस घटना की मास्टर माइंड मनचली उर्फ सन्नी किन्नर है। क्या हुआ था 19 नवंबर को पुलिस लाइन के व्हाइट हाउस में गुरुवार को एसपी साउथ दिनेश पुरी ने घटनाक्रम बताया कि 19 नवंबर 2026 को ग्राम भैंसा बाजार से वापस आते समय कलानी मोड़ के पास अज्ञात कार सवार लोगों ने बिजली किन्नर, उनके पति रविकेश गौतम और साथ मौजूद लोगों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी थी। गोली लगने से रविकेश गौतम की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि बिजली किन्नर घायल हो गई थीं। इस मामले में गगहा थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। ऐसे रची गई थी हत्या की साजिश पूछताछ में सामने आया कि क्षेत्र के बंटवारे को लेकर मनचली उर्फ सन्नी किन्नर की वादिनी बिजली किन्नर से रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते मनचली किन्नर ने अजय शर्मा उर्फ दुर्गेश शर्मा के माध्यम से शेरू उर्फ मित्रपाल से संपर्क कर बिजली किन्नर और उसके पति की हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस का कहना है कि शेरू उर्फ मित्रपाल के जरिए ही शूटरों को हायर किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद अब शेरू उर्फ मित्रपाल समेत बाकी फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। इसमें सर्विलांस, स्वाट टीम, एसओजी और एंटीथेफ्ट टीम का विशेष सहयोग रहा। टीम में प्रभारी सर्विलांस सेल छोटेलाल, प्रभारी एंटीथेफ्ट नगर निरीक्षक सुनील कुमार राय, प्रभारी एंटीथेफ्ट दक्षिणी राणा प्रताप सिंह, एसओजी के आशुतोष राय, उपनिरीक्षक रवि सिंह, नदीम खान, विकास सिंह, कांस्टेबल राजकुमार यादव, आनंद प्रधान और अफजल खान शामिल थे। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जाएगा, ताकि फरार शेरू उर्फ मित्रपाल और अन्य शूटरों तक पहुंचा जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)