सहारनपुर में विवाहिता को तेजाब पिलाया, 6 लोगों पर FIR:ससुराल वालों ने ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया, घटना के 25 दिन बाद FIR हुई
सहारनपुर में विवाहिता को उसके ससुराल वालों ने तेजाब पिला दिया। हालत बिगड़ी तो रामपुर मनिहारान के जगदम्बा हॉस्पिटल में भर्ती कराकर चले गए। मायके वालों को फोन कर तबीयत खराब होने की जानकारी दी। 2 दिन बाद जब महिला को होश आया तो उसने मायके वालों को आपबीती सुनाई। उसके भाई की तहरीर पर गुरुवार की शाम करीब 7 बजे पति समेत 6 लोगों पर महिला थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। महिला बोली- बच्चों को भी प्रताड़ित करते थे बेहट थाना क्षेत्र के चौहड़पुर गांव निवासी इंतजार की बहन सबिया की शादी करीब आठ साल पहले रामपुर मनिहारान निवासी आमिर पुत्र मांगा से हुई थी। सबिया के दो बच्चे हैं। पांच साल की बेटी रिजा और तीन साल का बेटा रजा है। भाई इंतजार के मुताबिक, शादी में परिवार ने अपनी हैसियत से बढ़कर दान-दहेज दिया था। इसके बावजूद ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही दहेज की मांग को लेकर सबिया को प्रताड़ित किया जाने लगा। उसके दो बच्चे होने के बाद भी परेशान किया जाता रहा। ससुराल वाले उसके बच्चों को भी प्रताड़ित करते थे। देवर की गंदी नजर थी, अश्लील हरकत करता था इंतजार ने पुलिस को बताया कि सबिया का देवर आलिम उस पर गंदी नजर रखता था। उससे अश्लील हरकत करता था। सबिया ने जब इसकी जानकारी ससुराल के अन्य लोगों को दी तो उन्होंने इसे घर का मामला बताकर दबाने की कोशिश की। गलत हरकत का विरोध करने पर आलिम ने सबिया और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दी। लगातार विवाद और दहेज उत्पीड़न को लेकर गांव के कुछ लोगों की मौजूदगी में पंचायत हुई थी। जिसमें पंचायत में सास, ससुर और देवर ने सबिया से माफी मांगी थी। इसके बाद पंचायत की सहमति से उसे दोबारा रामपुर मनिहारान स्थित ससुराल भेज दिया गया। हालांकि, आरोप है कि इसके बाद भी उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। 31 अक्टूबर को तेजाब पिलाया 31 अक्टूबर 2026 को दहेज को लेकर सबिया को फिर परेशान किया गया। इंतजार के मुताबिक, इसी दौरान सास निसो पत्नी मांगा और उनके बेटे सालिम ने उसे जबरन तेजाब पिला दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद ससुराल वाले घबरा गए। साबिया को आनन-फानन में जगदम्बा हॉस्पिटल के इमरजेंसी कमरे में भर्ती करा दिया गया। 12 नवंबर को तहरीर दी गई , 25 को दर्ज हुआ केस साबिया के भाई ने बताया कि 2 नवंबर को अस्पताल में होश आने पर सबिया ने घटना की जानकारी दी। इसके तुरंत बाद उसने रामपुर मनिहारान थाने में शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 12 नवंबर को महिला थाने में भी प्रार्थना पत्र दिया था। 25 नवंबर की शाम को महिला के प्रति क्रूरता, यौन उत्पीड़न और धमकाने के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। पति, सास समेत 6 लोग नामजद महिला थाने में दर्ज मुकदमे में छह लोगों को नामजद किया गया है। इनमें सास निसो, देवर भूरा उर्फ सादिन, देवरानी गुलफशा, देवर आलिम और सालिम और पति आमिर शामिल हैं। सभी रामपुर मनिहारान कस्बे के निवासी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)