सिद्धार्थनगर में तीन भाई छह-छह महीने के लिए जिला बदर:चौथे भाई पर महिला की जमीन धोखे से बैनामा कराने का मुकदमा दर्ज

Oct 28, 2026 - 15:33
0
सिद्धार्थनगर में तीन भाई छह-छह महीने के लिए जिला बदर:चौथे भाई पर महिला की जमीन धोखे से बैनामा कराने का मुकदमा दर्ज
सिद्धार्थनगर में एक ही परिवार के तीन सगे भाइयों को छह-छह महीने के लिए जिला बदर किया गया है। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने अजय कुमार यादव और दिनेश कुमार यादव को 27 अक्टूबर को जिला बदर करने का आदेश दिया। इससे पहले 14 सितंबर को उनके भाई सदावृक्ष उर्फ गुड्डू को भी छह महीने के लिए जिला बदर किया गया था। मामला खेसरहा थाना क्षेत्र के कुर्थिया गांव का है। तीनों भाइयों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने उनके आपराधिक मामलों और क्षेत्र में भय का माहौल होने के आधार पर जिला बदर की संस्तुति की थी। वहीं, परिवार के चौथे भाई रामवृक्ष यादव के खिलाफ वृद्ध महिला की जमीन का कथित तौर पर धोखे से बैनामा कराने के मामले में मुकदमा दर्ज है। चौथे भाई समेत छह लोगों पर जमीन धोखाधड़ी का मुकदमा भलुहां गांव निवासी वृद्ध महिला सुखना पत्नी स्वर्गीय दशरथ ने रामवृक्ष यादव, सदावृक्ष, रामचंदर, कमलावती, बाबूराम और रामधनी पर साजिश कर उनकी जमीन का बैनामा कराने का आरोप लगाया था। इस मामले में बांसी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। महिला के मुताबिक, पति की मृत्यु के बाद वह अपने और अपने तीन बेटों के नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज कराना चाहती थीं। पुराने परिचय और जाति-बिरादरी के चलते उन्हें रामवृक्ष यादव पर भरोसा था। आरोप है कि रामवृक्ष उन्हें मोटरसाइकिल से बांसी ले गए और राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज कराने का भरोसा दिया। नाम दर्ज होने के तीन दिन बाद जमीन का बैनामा सुखना का आरोप है कि 11 मई 2026 को उनके और उनके तीनों बेटों के नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज कराए गए। इसके तीन दिन बाद, 14 मई को उनकी हिस्सेदारी की पूरी जमीन का बैनामा कमलावती पत्नी रामचंदर के नाम करा दिया गया। महिला का कहना है कि उन्हें बैनामे की जानकारी नहीं थी और जमीन के बदले कोई रकम भी नहीं मिली। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि बैनामे में उनके मोबाइल नंबर की जगह रामचंदर का मोबाइल नंबर दर्ज कराया गया। गांव में चर्चा होने के बाद उन्हें जमीन के बैनामे की जानकारी हुई। पूछताछ करने पर गाली-गलौज का आरोप सुखना के अनुसार, 21 मई को उन्होंने सदावृक्ष और रामवृक्ष से जमीन के बैनामे के बारे में पूछताछ की तो दोनों ने उनके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद महिला ने 23 मई 2026 को शिकायत देकर छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जून 2026 में बांसी थाने में जमीन के बैनामे से जुड़े धोखाधड़ी के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया। इस तरह एक ही परिवार के तीन भाइयों- सदावृक्ष उर्फ गुड्डू, अजय कुमार यादव और दिनेश कुमार यादव—के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई हुई है, जबकि चौथे भाई रामवृक्ष यादव का नाम वृद्ध महिला की जमीन के कथित धोखाधड़ी वाले बैनामे के मुकदमे में शामिल है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User