बेसमेंट की शटरिंग खोलते समय स्लैब गिरा:उन्नाव में 2 मजदूरों की मौत, 1 घायल; SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

Oct 28, 2026 - 16:22
0
बेसमेंट की शटरिंग खोलते समय स्लैब गिरा:उन्नाव में 2 मजदूरों की मौत, 1 घायल; SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
उन्नाव के शुक्लागंज क्षेत्र में बुधवार दोपहर निर्माणाधीन मकान का स्लैब और जीने का हिस्सा गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर घायल हो गया। हादसे के समय तीनों बेसमेंट में बने जीने की शटरिंग खोल रहे थे। मलबे में दबे मजदूरों को निकालने के लिए पुलिस-प्रशासन के साथ राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। घायल मजदूर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना दोपहर पौने दो बजे घोंघी रौतापुर ग्राम पंचायत स्थित रायल सिटी प्लाटिंग की है। निर्माणाधीन मकान कानपुर के मंगला विहार निवासी किशन गुप्ता का बताया गया है। बुधवार दोपहर में मजदूर बेसमेंट में बने जीने की शटरिंग खोल रहे थे। इसी दौरान स्लैब और सीढ़ी का हिस्सा अचानक गिर गया, जिससे तीनों मजदूर मलबे में दब गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस-प्रशासन को सूचना दी गई। एसडीएम राजेश विश्वकर्मा, एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव और एसडीआरएफ की 30 सदस्यीय टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सरिया काटकर और कंक्रीट तोड़कर निकाले मजदूर मलबे में मजदूरों के फंसे होने के कारण बचाव दल को सरिया काटना पड़ा और कंक्रीट के हिस्से तोड़ने पड़े। इसके बाद मजदूरों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में बुधवार दोपहर करीब तीन बजे डॉ. आशीष कुमार ने दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान जयप्रकाश (35), पुत्र बैजनाथ, निवासी पटेलनगर, रामादेवी, कानपुर और सोहन, पुत्र रामकृपाल, निवासी सहानीपुर, हुसैनगंज, फतेहपुर के रूप में हुई है। सोहन के पिता रामकृपाल भी हादसे में घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में राहत एवं बचाव कार्य कराया गया। एसडीआरएफ की टीम ने मलबे में दबे मजदूरों को निकालने में मदद की। निर्माणाधीन मकान में शटरिंग खोलते समय स्लैब और सीढ़ी का हिस्सा गिरने से निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठे हैं। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा के क्या इंतजाम थे, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User