सीएम योगी को रिंकू सिंह की शादी का न्योता:अलीगढ़ से मां-बहन और भाई के साथ मुख्यमंत्री आवास पहुंचे क्रिकेटर के परिजन
भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की मछलीशहर से सांसद प्रिया सरोज की शादी की तैयारियां तेज हो गई हैं। चार दिसंबर को लखनऊ में होने वाले शादी समारोह के लिए अब राजनीतिक और वीआईपी मेहमानों को निमंत्रण देने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को रिंकू सिंह के परिजन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने पहुंचे और उन्हें शादी का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस मुलाकात में रिंकू सिंह की मां, बहन नेहा, बड़े भाई सोनू और उनके बेहद करीबी साथी शामिल रहे। परिवार की ओर से मुख्यमंत्री को लखनऊ में आयोजित होने वाले विवाह समारोह में शामिल होने का न्योता दिया गया। इस मुलाकात की जानकारी खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की है। सगाई के बाद दो बार टली थी शादी, अब 4 दिसंबर को लखनऊ में होंगे सात फेरे रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी को लेकर पिछले करीब डेढ़ साल से चर्चा चल रही है। दोनों की सगाई 8 जून 2025 को लखनऊ के द सेंट्रम होटल में हुई थी। सगाई समारोह में क्रिकेट और राजनीति जगत की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुई थीं। इसके बाद नवंबर 2025 में शादी की चर्चा थी, लेकिन रिंकू के क्रिकेट कार्यक्रमों के चलते तारीख आगे बढ़ गई। फरवरी 2026 में भी शादी की तैयारी थी, लेकिन रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह के निधन के बाद परिवार ने शादी टाल दी थी। अब दोनों परिवारों की सहमति से 4 दिसंबर 2026 की तारीख तय की गई है। लखनऊ में होने वाले इस विवाह समारोह को लेकर दोनों परिवार तैयारियों में जुटे हैं। क्रिकेट और सियासत की दो चर्चित हस्तियों का मिलन रिंकू सिंह अलीगढ़ से ताल्लुक रखते हैं और भारतीय क्रिकेट टीम के प्रमुख टी-20 बल्लेबाजों में शामिल हैं। आईपीएल में गुजरात टाइटंस के खिलाफ आखिरी ओवर में लगातार पांच छक्के लगाकर उन्होंने देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई थी। वहीं प्रिया सरोज उत्तर प्रदेश की मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद हैं। वह 2024 के लोकसभा चुनाव में जीतकर संसद पहुंची थीं। उनके पिता तूफानी सरोज भी राजनीति में लंबे समय से सक्रिय हैं और वर्तमान में सपा विधायक हैं। इस शादी को क्रिकेट और राजनीतिक जगत के लिहाज से भी खास माना जा रहा है। दोनों परिवारों की ओर से प्रमुख राजनीतिक हस्तियों और क्रिकेट से जुड़े लोगों को निमंत्रण भेजा जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को निमंत्रण देने के लिए रिंकू सिंह के परिवार ने मुख्यमंत्री कार्यालय से मुलाकात का समय मांगा था। शुक्रवार को समय मिलने के बाद परिवार मुख्यमंत्री से मिला और विवाह समारोह का निमंत्रण सौंपा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)