सोनभद्र में दो मंजिला मकान के कमरे में आग लगी:लपटें दीपक शू स्टोर तक पहुंचीं, जूते-चप्पल जले; आधे घंटे में आग पर काबू
सोनभद्र के राबर्ट्सगंज नगर में महिला थाने के सामने शुक्रवार शाम एक दो मंजिला मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग की चपेट में आने से मकान में संचालित दीपक शू स्टोर का सामान भी जल गया। दुकानदार ने करीब 10 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान जताया है। दमकल टीम ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार, राबर्ट्सगंज रेलवे फाटक के पास रहने वाले मनोज जायसवाल महिला थाने के सामने अवधेश चौबे के मकान में किराये पर जूते-चप्पल की दुकान चलाते हैं। दुकान के पीछे बने एक कमरे को दूसरे दुकानदार ने किराये पर लेकर गोदाम बनाया था। इसमें पीवीसी प्लास्टिक का सामान रखा था। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे गोदाम में अचानक आग लग गई। घटना के समय कमरे में कोई मौजूद नहीं था। कुछ ही देर में वहां से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। इससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में स्थित दीपक शू स्टोर तक पहुंच गई। दुकान में रखे जूते-चप्पल समेत अन्य सामान जलने लगा। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग बढ़ती देख दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने करीब आधे घंटे में आग पर काबू पाया। दुकानदार मनोज जायसवाल ने बताया कि आग से दुकान में रखे सामान को भारी नुकसान हुआ है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक करीब 10 लाख रुपए का सामान जल गया है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)