संभल-चंदौसी के बाजारों में SP-ASP की फुट पेट्रोलिंग:PAC-RRF जवानों और मुस्लिम बच्चों को दीपावली की मिठाई बांटी

Nov 06, 2026 - 19:14
0
संभल-चंदौसी के बाजारों में SP-ASP की फुट पेट्रोलिंग:PAC-RRF जवानों और मुस्लिम बच्चों को दीपावली की मिठाई बांटी
संभल के बाजारों में एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी और एएसपी (दक्षिणी) सुमित रामटेके ने पुलिसकर्मियों के साथ करीब ढाई किलोमीटर पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा इंतजाम देखे और दीपावली पर घर से दूर ड्यूटी कर रहे जवानों को मिठाई दी। शुक्रवार अपराह्न 3 बजे एसपी शंकर इंटर कॉलेज चौराहे पहुंचे, अगले 2 घंटे तक शहर में मौजूद रहे। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पीएसी जवानों को मिठाई दी। इसके बाद एएसपी सुमित रामटेके, संभल सीओ कुलदीप कुमार और सीओ अमन सिंह के साथ अस्थायी बाजार और सर्राफा बाजार में सुरक्षा का जायजा लिया। पुलिस ने सर्राफा बाजार समेत अन्य बाजारों में गश्त की और चेकिंग टीमों का काम देखा। गश्त में चार थानों की पुलिस, पीएसी और आरआरएफ के जवान शामिल थे। सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क के घर से 200 मीटर दूर खग्गू सराय में भी जवानों को मिठाई दी गई। यह इलाका थाना रायसत्ती के तहत आता है। यहां 46 साल बाद प्राचीन श्रीकार्तिकेय महादेव मंदिर खुला है। डाकखाने, सत्यव्रत पुलिस चौकी और विवादित धार्मिक स्थल श्रीहरिहर मंदिर बनाम शाही जामा मस्जिद पर भी पीएसी-आरआरएफ के जवान तैनात हैं। एसपी ने कहा कि शांति बनाए रखने के लिए कस्बे में कई जगह पीएसी और आरआरएफ की कंपनियां तैनात हैं। पुलिस लाइन से गार्ड भी लगाए गए हैं। पुलिसकर्मी घर से दूर रहकर तीन शिफ्टों में 24 घंटे ड्यूटी कर रहे हैं। उन्होंने अलग-अलग पोस्ट और गार्ड पर तैनात कर्मियों से बात की। एसपी के मुताबिक, असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है। ऐसे लोगों को मुचलके पर पाबंद किया जा रहा है और जरूरत के मुताबिक एहतियाती कार्रवाई हो रही है। सोशल मीडिया पर अफवाह या विद्वेष फैलाने वाली पोस्ट करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। चौराहों पर बैरिकेडिंग कर जांच की जा रही है। बाजारों, भीड़ वाली जगहों और आयोजनों के हॉटस्पॉट पर ट्रैफिक पुलिस तैनात है। भीड़ के हिसाब से ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है। एसपी ने कहा- सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मी और अन्य पुलिसकर्मी बाजारों में गश्त कर रहे हैं। जरूरी जगहों पर चेकिंग भी की जा रही है। सोशल मीडिया पर असामाजिक पोस्ट करने और अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस नजर रख रही है। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User