शेयर ट्रेडिंग के नाम पर युवक से 6.04 लाख ठगे:लिंक-एपीके फाइल से खुलवाया डीमैट अकाउंट, फर्जी प्लेटफॉर्म पर कराई ट्रेडिंग; स्टॉक भी होल्ड किए
कानपुर में शेयर बाजार में निवेश और ट्रेडिंग के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर ठगों ने एक युवक को अपने जाल में फंसा लिया। आरोपियों ने पहले उसे लिंक और एपीके फाइल भेजकर डीमैट अकाउंट खुलवाया। इसके बाद अपस्टॉक्स (Uprix) के नाम से तैयार किए गए प्लेटफॉर्म पर निवेश और ट्रेडिंग शुरू कराई। मुनाफे की उम्मीद में युवक ने अलग-अलग किस्तों में 10 बार कुल 6 लाख 4 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। रकम वापस मांगने पर कोई भुगतान नहीं हुआ। निवेश के नाम पर खरीदे गए स्टॉक भी होल्ड कर दिए गए। पीड़ित को आशंका है कि उसके डीमैट अकाउंट का भी अनधिकृत इस्तेमाल किया जा रहा है। साइबर क्राइम सेल की जांच रिपोर्ट के आधार पर कल्याणपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अब विस्तार से पूरा मामला जानिए… नारामऊ स्थित रतन प्लेनेट निवासी हिमांशु गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया था। आरोपी ने शेयर बाजार में निवेश और ट्रेडिंग के जरिए बेहतर रिटर्न मिलने का भरोसा दिलाया। इसके बाद उसने हिमांशु को एक लिंक और एपीके फाइल भेजी। इनके जरिए डीमैट अकाउंट खुलवाया गया। फिर अपस्टॉक्स (Uprix) के नाम से बनाए गए एक प्लेटफॉर्म पर उन्हें निवेश और ट्रेडिंग करने के लिए कहा गया। शुरुआत में पूरी प्रक्रिया सामान्य निवेश की तरह दिखाई गई, जिससे उन्हें किसी तरह का संदेह नहीं हुआ। तीसरे पक्ष के खातों में जमा कराई रकम पीड़ित के मुताबिक, निवेश के नाम पर उनसे सीधे किसी अधिकृत ट्रेडिंग कंपनी के खाते में रकम जमा नहीं कराई गई, बल्कि अलग-अलग तीसरे पक्ष के बैंक खातों और पेमेंट खातों में पैसे ट्रांसफर कराए गए। आरोपियों के कहने पर उन्होंने 26 अगस्त से 8 अक्तूबर के बीच 10 बार में कुल 6 लाख 4 हजार रुपये जमा किए। हर बार अलग-अलग खातों में रकम भेजी गई। इसके बावजूद उन्हें न तो निवेश की रकम वापस मिली और न ही मुनाफे के नाम पर कोई भुगतान किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)