रायबरेली में धनतेरस पर कारोबार 200 करोड़ पार:व्यापार मंडल ने पिछले साल से 30-35 प्रतिशत अधिक कारोबार का अनुमान जताया
रायबरेली में धनतेरस पर शुक्रवार को बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। व्यापार मंडल के मुताबिक, धनतेरस और दीपावली के दौरान जिले का कुल कारोबार 200 करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है। पिछले साल के मुकाबले इस बार कारोबार में 30 से 35 प्रतिशत की बढ़ोतरी का दावा किया गया है। ऑटोमोबाइल, सराफा, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स और पूजन सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। ऑटोमोबाइल सेक्टर में 100 करोड़ से ज्यादा की बिक्री धनतेरस पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों के शोरूम में सबसे ज्यादा रौनक दिखाई दी। व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता के मुताबिक, जिले में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बिक्री का आंकड़ा 100 करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है। दोनों श्रेणियों में करीब 50-50 करोड़ रुपए के वाहनों की बिक्री का अनुमान है। बॉम्बे हीरो एजेंसी पर बाइक खरीदने पहुंचे 25 साल के युवा पत्रकार रितेश श्रीवास्तव ने बताया कि उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई से बाइक खरीदी है और इसे अपनी मां के नाम रजिस्टर्ड कराया है। उन्होंने कहा कि अपनी कमाई से गृहस्थी का सामान जोड़ने का अनुभव उनके लिए खुशी और गर्व का पल है। वहीं, गोल चौराहा स्थित कार शोरूम के ब्रांच मैनेजर दीपक सिंह ने बताया कि उनके शोरूम से शुक्रवार को करीब 15 गाड़ियों की डिलीवरी हुई। उनके यहां बिकने वाली सबसे महंगी गाड़ी Kia Seltos रही, जिसकी कीमत करीब 26 लाख रुपए तक है। मिठाई, सराफा और पटाखा बाजार में भी रौनक व्यापार मंडल के मुताबिक, मिठाई का कारोबार दीपावली तक 20 से 25 करोड़ रुपए तक पहुंचने की उम्मीद है। सराफा बाजार में सोने-चांदी की मजबूत मांग रही और कारोबार 5 से 6 करोड़ रुपए से अधिक रहने का अनुमान है। पटाखों की बिक्री 50 करोड़ रुपए से ऊपर पहुंचने की उम्मीद जताई गई है। इसके अलावा गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों, मिट्टी के खिलौनों, कपड़ों और पूजन सामग्री की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। अतुल कुमार गुप्ता ने बताया कि इस बार गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों की खरीदारी अधिक हुई। दुकानदारों ने सबसे महंगी मूर्ति करीब 3,000 रुपए में बेची। जाम से जूझे बाजार, अस्पतालों में आपात व्यवस्था ट्रैफिक डायवर्जन लागू होने के बावजूद शाम को स्टेशन रोड, घंटाघर, सुपर मार्केट और बस स्टॉप चौराहे पर जाम की स्थिति रही। यातायात नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। पटाखा बाजारों में वाहनों की एंट्री बंद की गई थी और पास में पार्किंग की व्यवस्था की गई। त्योहार के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी प्रशासन सतर्क रहा। AIIMS और जिला अस्पताल में आपातकालीन सेवाओं को दुरुस्त रखा गया। AIIMS की कार्यकारी निदेशक डॉ. अमिता जैन ने बताया कि बर्न विभाग के लिए बाहर से भी डॉक्टरों की विशेष टीम बुलाई गई है। उन्होंने लोगों से सावधानी के साथ त्योहार मनाने की अपील की। इस दौरान AIIMS परिसर को भी झालरों से सजाया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)