कुलवंत सिंह स्टेडियम में होगी मेगा पूर्व सैनिक रैली:मेरठ में 14 नवंबर को वीर नारियों और सैनिक परिवारों को सीएम योगी करेंगे सम्मानित

Nov 12, 2026 - 22:16
0
कुलवंत सिंह स्टेडियम में होगी मेगा पूर्व सैनिक रैली:मेरठ में 14 नवंबर को वीर नारियों और सैनिक परिवारों को सीएम योगी करेंगे सम्मानित
सैनिकों के सम्मान और उनके परिवारों की मदद के लिए मेरठ में 14 नवंबर को बड़ा आयोजन होने जा रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की प्रमुख सैन्य छावनी मेरठ में मेगा भूतपूर्व सैनिक रैली का आयोजन किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियां और उनके परिवार शामिल होंगे। मॉल रोड स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम में होने वाली इस रैली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहुंचेंगे। कार्यक्रम में सैनिकों के सम्मान के साथ उनके रोजगार, स्वास्थ्य सुविधाओं और रिटायरमेंट के बाद मिलने वाली सुविधाओं पर भी बात होगी। साथ ही सरकार की ओर से पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए किए जा रहे कामों की जानकारी दी जाएगी। प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजनीतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल डॉ. सोमेंद्र तोमर ने गुरुवार को सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मेरठ क्रांति की धरती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शायद ही कोई ऐसा परिवार होगा, जिसका सेना से किसी न किसी तरह जुड़ाव न हो। मेरठ देश की पुरानी और बड़ी छावनियों में भी शामिल है। इसी वजह से अगस्त 2026 में उन्होंने रक्षा मंत्री से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पूर्व सैनिकों की बड़ी रैली कराने का आग्रह किया था। अब केंद्र सरकार, रक्षा मंत्रालय, भारतीय सेना और उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से यह आयोजन होने जा रहा है। डॉ. सोमेंद्र तोमर ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 14 नवंबर को रैली में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की सहमति दी है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के हाथों वीर नारियों और सैनिक परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। सैनिक कल्याण विभाग की कोशिश है कि रैली में आने वाले पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को किसी तरह की परेशानी न हो। सैनिकों का सम्मान करने के साथ ही उनके परिवारों की जरूरतों और समस्याओं पर भी ध्यान दिया जाएगा। 31 हजार पूर्व सैनिकों को मिला रोजगार डॉ. सोमेंद्र तोमर ने बताया कि प्रदेश में करीब 31 हजार पूर्व सैनिकों को विभाग के जरिए रोजगार के अवसर दिए गए हैं। सरकार की कोशिश है कि सेना से रिटायर होने के बाद सैनिकों को अपने घर और आसपास ही काम मिल सके। इससे वे अपने परिवार के साथ रहकर सम्मान के साथ जीवन बिता सकेंगे। सेना में काम करने के दौरान मिले उनके अनुभव और अनुशासन का फायदा समाज को भी मिल सकेगा। 13 जिलों में पॉलीक्लिनिक के लिए निशुल्क जमीन पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को बेहतर इलाज की सुविधा देने के लिए प्रदेश के 13 जिलों में ECHS पॉलीक्लिनिक खोले जाएंगे। डॉ. सोमेंद्र तोमर ने बताया कि इन पॉलीक्लिनिक के लिए सरकार निशुल्क जमीन उपलब्ध करा रही है। इससे पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को इलाज कराने में आसानी होगी। इसके अलावा प्रदेशभर के सैनिकों का रिकॉर्ड डिजिटल किया जा रहा है। इसके लिए लखनऊ में कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां से पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर नजर रखी जाएगी और उनका समय पर समाधान कराने की कोशिश होगी। मेरठ में पिछले दो महीने से सैनिक चौपाल भी लगाई जा रही हैं। यहां पूर्व सैनिक अपनी समस्याएं और जरूरतें अधिकारियों के सामने रख सकते हैं। इससे उन्हें अपनी बात सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का मौका मिल रहा है। हर ब्लॉक में एक सैनिक युवाओं को देगा ट्रेनिंग सोमेंद्र तोमर ने बताया कि सरकार हर ब्लॉक में 'वन ब्लॉक वन सैनिक' की योजना पर काम कर रही है। इसके तहत हर ब्लॉक में एक सैनिक को जिम्मेदारी दी जाएगी। यह सैनिक स्थानीय स्टेडियम में अग्निवीर, पुलिस और सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को ट्रेनिंग देगा। इसका मकसद युवाओं को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उनमें अनुशासन और देशसेवा की भावना पैदा करना है। सेना में काम कर चुके सैनिक अपने अनुभव से युवाओं को भर्ती की तैयारी कराएंगे और उन्हें सही मार्गदर्शन देंगे। इससे युवाओं को सेना और सुरक्षा बलों में भर्ती होने की तैयारी में मदद मिलेगी। सरकार चाहती है कि युवा देश की सुरक्षा में योगदान देने के साथ अच्छे और जिम्मेदार नागरिक भी बनें। पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, कमल दत्त शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User