संतकबीरनगर के पूर्व सांसद की लाइसेंसी रिवाल्वर गायब:गोरखपुर में बेटे की तहरीर पर केस दर्ज, ढूंढ रही पुलिस
संतकबीरनगर के पूर्व सांसद स्वर्गीय शरद कुमार त्रिपाठी की लाइसेंसी 32 बोर की रिवाल्वर उनके पैतृक आवास से गायब हो गई। काफी तलाश के बाद भी रिवाल्वर का पता नहीं चलने पर उनके बड़े बेटे मृगेंद्र राम त्रिपाठी ने रविवार को खजनी थाने में तहरीर दी। पुलिस ने सोमवार को चोरी का केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। बेटा बोला 32 बोर की थी रिवाल्वर
पुलिस को दी गई तहरीर में मृगेंद्र राम त्रिपाठी ने बताया कि वह पूर्व सांसद शरद कुमार त्रिपाठी के वारिस हैं। उनके पिता के नाम तत्कालीन जिलाधिकारी गोरखपुर ने 32 बोर की रिवाल्वर का शस्त्र लाइसेंस जारी किया था। लाइसेंस पर रिवाल्वर का नंबर एफजी -13966/32 दर्ज है। तहरीर के मुताबिक, पूर्व सांसद का निधन 30 जून 2021 को हो गया था। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने उनके निजी सामान और जरूरी दस्तावेजों की छानबीन की तो शस्त्र लाइसेंस की मूल पुस्तिका मिल गई, लेकिन लाइसेंस पर दर्ज रिवाल्वर नहीं मिली। गन हाउस में भी ढूंढ़ी गई रिवाल्वर परिजनों ने घर, अलमारी, बैंक लॉकर और पूर्व परिचित गन हाउस तक में तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। परिजनों ने आशंका जताई कि लाइसेंसी रिवाल्वर किसी असामाजिक तत्व के हाथ लगने पर उसका दुरुपयोग हो सकता है। इसे देखते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई। खजनी पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज किया है। खजनी थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर जयंत कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)