सपा नेता ने SIR को लेकर उठाए सवाल:दो चुनाव आयुक्तों ने 10 महीने में 14 बार आपत्ति जताई, चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की

Sep 26, 2026 - 19:16
0
सपा नेता ने SIR को लेकर उठाए सवाल:दो चुनाव आयुक्तों ने 10 महीने में 14 बार आपत्ति जताई, चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की
देवरिया में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक सुबाष चंद्र श्रीवास्तव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी आरोप लगाए और उनके इस्तीफे के साथ कानूनी कार्रवाई की मांग की। श्रीवास्तव ने अपने बयान में दावा किया कि एसआईआर के तहत विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 13 करोड़ से ज्यादा नाम ड्राफ्ट मतदाता सूचियों से हटाए गए हैं। सपा नेता ने कहा कि एसआईआर के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में आयोग के भीतर लिए गए कुछ फैसलों पर कम से कम 14 बार आपत्ति दर्ज कराई थी। उनके अनुसार रिपोर्ट में नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम हटाने और मतदाता सूची से जुड़े आईटी सिस्टम के केंद्रीकरण को लेकर भी आपत्तियों का उल्लेख है। फॉर्म-6 में अतिरिक्त जानकारी मांगने पर भी सवाल श्रीवास्तव ने कहा कि फॉर्म-6 में एसआईआर से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी मांगे जाने पर भी दोनों चुनाव आयुक्तों ने आपत्ति जताई थी। उनके मुताबिक नए मतदाताओं से उनके या माता-पिता और दादा-दादी के पुराने एसआईआर की मतदाता सूची में नाम होने से संबंधित घोषणा मांगी गई थी। उन्होंने कहा कि इसी बदलाव को लेकर दोनों आयुक्तों ने सवाल उठाए थे। केंद्रीकृत सॉफ्टवेयर पर सपा नेता ने जताई आपत्ति सपा नेता ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची और नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया केंद्रीकृत सॉफ्टवेयर के जरिए संचालित होने से स्थानीय स्तर के निर्वाचन अधिकारियों के अधिकार प्रभावित हुए हैं। उनका कहना है कि इससे नए मतदाताओं के पंजीकरण और मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया में परेशानी हो सकती है। उन्होंने इन मुद्दों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। ये मांगें श्रीवास्तव के राजनीतिक बयान के रूप में सामने आईं। रामगोविंद चौधरी के निधन पर जताया शोक प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में श्रीवास्तव ने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व कैबिनेट मंत्री और पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि उनका निधन पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में शक्ति देने की प्रार्थना की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User