वाराणसी में LGBTQIA+ समुदाय पर बनी फिल्म दिखाई:प्रेम और समानता के अधिकारों पर हुआ संवाद, बोले- गे या लेस्बियन होना कोई बीमारी नहीं

Nov 29, 2026 - 19:01
0
वाराणसी में LGBTQIA+ समुदाय पर बनी फिल्म दिखाई:प्रेम और समानता के अधिकारों पर हुआ संवाद, बोले- गे या लेस्बियन होना कोई बीमारी नहीं
5वीं बनारस क्वीयर प्राइड 2026 के तहत रविवार को सिगरा स्थित अस्मिता संस्था के सभागार में एक विशेष फिल्म स्क्रीनिंग एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। LGBTQIA+ समुदाय की लैंगिक पहचान, प्रेम, आत्मस्वीकृति और सामाजिक अधिकारों पर केंद्रित इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सिनेमा के माध्यम से सामाजिक रूढ़ियों, भेदभाव और पितृसत्तात्मक सोच पर सवाल उठाना तथा समाज में लैंगिक विविधता के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस दौरान हुए संवाद में नीति ने कहा कि गे या लेस्बियन होना कोई बीमारी नहीं, बल्कि व्यक्ति की यौनिक पहचान का एक स्वाभाविक स्वरूप है। उन्होंने समुदाय के लिए शिक्षा, आत्मनिर्भरता, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन के अवसर सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। तीन लघु फिल्मों ने झकझोरा सामाजिक दृष्टिकोण कार्यक्रम का शुभारंभ नैंसी और खुशबू के स्वागत संबोधन से हुआ। जिसके बाद शिवांगी ने वर्ष 2022 से शुरू हुई बनारस क्वीयर प्राइड की यात्रा और इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात तीन संवेदनशील लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। पहली फिल्म 'कंटेंट का कीड़ा – Gender Identity' में सात वर्षीय शिवा की कहानी के जरिए बच्चों की लैंगिक पहचान और अभिभावकों के सहयोग के महत्व को दर्शाया गया। दूसरी फिल्म 'अफसोस (AFSOS) – Lesbian Love Story' ने आर्या और श्वेता की प्रेम कहानी के माध्यम से पारिवारिक प्रतिष्ठा, सामाजिक दबाव और ऑनर किलिंग जैसे गंभीर मुद्दों को उजागर किया। तीसरी फिल्म 'If the World Were Better – LGBTQIA+ Edition' में एक समतामूलक समाज की कल्पना करते हुए नॉन-बाइनरी पहचान, शिक्षा, विवाह और सार्वजनिक स्थानों पर भेदभाव जैसे विषयों पर गहन चर्चा की गई। पहचान कोई बीमारी नहीं, सम्मानजनक जीवन सबका अधिकार फिल्म प्रदर्शन के बाद आयोजित खुले संवाद में वक्ताओं ने पारिवारिक स्वीकृति और समान नागरिक अधिकारों पर अपने विचार साझा किए। संवाद के दौरान नीति ने स्पष्ट कहा कि गे या लेस्बियन होना कोई बीमारी नहीं, बल्कि व्यक्ति की यौनिक पहचान का एक स्वाभाविक स्वरूप है। उन्होंने समुदाय के लिए शिक्षा, आत्मनिर्भरता, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन के अवसर सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम से यह संदेश दिया गया कि एक समावेशी समाज के निर्माण के लिए परिवार और समाज को रूढ़िवादी सोच से आगे बढ़कर विविधता को स्वीकार करना होगा। 13 दिसंबर को निकलेगा बनारस क्वीयर प्राइड मार्च कार्यक्रम के अंत में नीति ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए आगामी आयोजनों की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि इस श्रृंखला के तहत 1 दिसंबर को विश्व एड्स दिवस पर गतिविधियां, 5 दिसंबर को पोस्टर मेकिंग, 10 दिसंबर को क्वीयर स्पोर्ट्स और 13 दिसंबर 2026 को मुख्य 'बनारस क्वीयर प्राइड मार्च' का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रिज्मैटिक फाउंडेशन, अस्मिता संस्था, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और एशियन ब्रिज इंडिया के प्रतिनिधियों सहित रुमान, अनामिका, बन्नी वर्मा, कृष्णा, नैंसी, अनम, शिवांगी और खुशबू आदि मौजूद रहे। जानिए क्या है LGBTQIA+ समुदाय LGBTQIA+ उन लोगों का एक व्यापक समुदाय है जिनकी यौन अभिविन्यास (sexual orientation) या लैंगिक पहचान (gender identity) पारंपरिक विषमलैंगिक (heterosexual) या सिसजेंडर (cisgender) मानदंडों से अलग होती है। यह विभिन्न पहचानों और अनुभवों को समाहित करने वाला एक संक्षिप्त रूप है। इसमें सभी अक्षरों का अर्थ है। • L – लेस्बियन (Lesbian): वे महिलाएं जो भावनात्मक, रोमांटिक या शारीरिक रूप से अन्य महिलाओं के प्रति आकर्षित होती हैं। • G – गे (Gay): वे व्यक्ति जो समान लिंग के प्रति आकर्षित होते हैं, खासकर ऐसे पुरुष जो अन्य पुरुषों के प्रति आकर्षित होते हैं। • B – बाइसेक्सुअल / उभयलिंगी (Bisexual): वे लोग जो एक से अधिक लिंगों (जैसे पुरुष और महिला दोनों) के प्रति आकर्षित होते हैं। • T – ट्रांसजेंडर (Transgender): वे लोग जिनकी लैंगिक पहचान उनके जन्म के समय निर्धारित लिंग से भिन्न होती है। • Q – क्वीर या क्वेश्चनिंग (Queer / Questioning): क्वीर एक व्यापक शब्द है जिसका उपयोग पारंपरिक श्रेणियों से बाहर की पहचानों के लिए किया जाता है, जबकि क्वेश्चनिंग उन लोगों को दर्शाता है जो अभी अपनी यौन या लैंगिक पहचान को समझ रहे हैं या खोज रहे हैं। • I – इंटरसेक्स (Intersex): वे लोग जो जैविक विशेषताओं (जैसे गुणसूत्र, हार्मोन या जननांग) के साथ जन्म लेते हैं जो पारंपरिक रूप से केवल पुरुष या केवल महिला की श्रेणी में फिट नहीं बैठते। • A – एसेक्सुअल / अलैंगिक (Asexual): वे लोग जिन्हें बहुत कम या बिल्कुल भी यौन आकर्षण महसूस नहीं होता। • + (प्लस): यह उन अन्य पहचानों और अभिव्यक्तियों (जैसे नॉन-बाइनरी, पैनसेक्सुअल आदि) को दर्शाता है जो इन अक्षरों में पूरी तरह शामिल नहीं हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User