AMU में हॉर्स राइडिंग क्लब की कप्तानी पर घमासान:दूसरे दिन भी बंद किया सेंचुरी गेट; सात दावेदारों में चयन को लेकर विवाद, छात्रों ने किया प्रदर्शन

Nov 29, 2026 - 20:08
0
AMU में हॉर्स राइडिंग क्लब की कप्तानी पर घमासान:दूसरे दिन भी बंद किया सेंचुरी गेट; सात दावेदारों में चयन को लेकर विवाद, छात्रों ने किया प्रदर्शन
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) में हॉर्स राइडिंग क्लब की कप्तानी के चयन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। रविवार को लगातार दूसरे दिन छात्रों ने सेंचुरी गेट बंद कर प्रदर्शन किया। करीब 35-40 क्लब सदस्य गेट पर जमा रहे। छात्रों का आरोप है कि सात दावेदारों में से कप्तान का चयन मनमाने तरीके से किया गया। चयन में खिलाड़ियों की उपलब्धियों और प्रदर्शन को नजरअंदाज किया गया है। बता दें कि इसी विरोध के दौरान शनिवार को बीकॉम तृतीय वर्ष के छात्र कृष्णकांत ने भेदभाव का आरोप लगाते हुए अपने मेडल और सर्टिफिकेट तक जला दिए। कृष्णकांत का कहना है कि वह चार साल से अधिक समय से हॉर्स राइडिंग क्लब के सदस्य हैं। इस दौरान तीन बार राष्ट्रीय स्तर पर एएमयू का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। जूनियर नेशनल में ऑल इंडिया चौथी रैंक हासिल की थी, जबकि स्टेट स्तर पर गोल्ड मेडल जीता है। इंडियन टीम के चयन ट्रायल के लिए भी उनका चयन हुआ था। 2025 में सात सदस्यीय टीम में वह अकेले ऐसे खिलाड़ी थे, जिन्होंने अपने खर्च पर नेशनल के लिए डबल क्वालीफाई किया था। इसके बावजूद उन्हें कप्तानी से दूर रखा गया। कमेटी की सहमति के बाद भी नहीं हुई चैंपियनशिप रविवार को प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि चयन को लेकर कमेटी के सामने चैंपियनशिप कराने का प्रस्ताव रखा गया था। सात में से छह सदस्यों की सहमति भी बताई जा रही है। छात्रों की मांग है कि मौजूदा कप्तानी का नोटिस वापस लेकर पारदर्शी तरीके से नए सिरे से चैंपियनशिप कराई जाए। उनका आरोप है कि चयन में खिलाड़ियों की वास्तविक उपलब्धियों और स्कोरिंग को आधार नहीं बनाया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, सेंचुरी गेट नहीं खोला जाएगा। फोन नहीं उठाने से भी नाराजगी प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी उनकी बात नहीं सुन रहे हैं और फोन तक नहीं उठा रहे। छात्रों ने कहा कि वे किसी को परेशान नहीं करना चाहते, लेकिन उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें गेट बंद करना पड़ा है। एक छात्र ने बातचीत में कहा कि केवल आश्वासन देने से काम नहीं चलेगा, जिम्मेदार पदाधिकारियों को कार्रवाई भी करनी होगी। रविवार देर रात तक गेम्स कमेटी और विश्वविद्यालय के जिम्मेदार अधिकारियों के स्तर पर मामले को लेकर मंथन चलता रहा। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक कोई अंतिम निर्णय सामने नहीं आया था। दूसरी ओर, छात्रों ने स्पष्ट किया कि मांगों पर फैसला होने तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User