सरयू-कमला एक्स्प्रेस ट्रेन का गोरखपुर में फूलों स्वागत:यात्री बोले- अब जनकपुर जाना हुआ आसान; नेपाली महिला बोली-जय श्रीराम

Nov 24, 2026 - 05:11
0
सरयू-कमला एक्स्प्रेस ट्रेन का गोरखपुर में फूलों स्वागत:यात्री बोले- अब जनकपुर जाना हुआ आसान; नेपाली महिला बोली-जय श्रीराम
अयोध्या धाम से नेपाल के जनकपुर धाम जाने वाली पहली ट्रेन सोमवार को गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। सरयू कमला एक्सप्रेस के प्लेटफार्म पर पहुंचते ही यात्रियों में उत्साह छा गया। ट्रेन के भीतर और प्लेटफार्म पर जयश्री राम के नारे गूंजने लगे। दुल्हन की तरह सजाकर लाई गई ट्रेन का लोगों ने जोरदार स्वागत किया। खास बात यह रही कि ट्रेन निर्धारित समय से पहले, शाम 5:30 बजे से पहले ही गोरखपुर पहुंच गई। देखिए 2 तस्वीरें… अयोध्या से चलकर यह ट्रेन गोरखपुर के रास्ते नरकटियागंज होते हुए बिहार के विभिन्न स्टेशनों से गुजरकर नेपाल के जनकपुर धाम पहुंचेगी। ट्रेन में सफर कर रहे भारत और नेपाल के यात्रियों ने इस पहल को दोनों देशों के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने वाला कदम बताया। यात्रियों का कहना था कि अब अयोध्या और जनकपुर के बीच यात्रा करना पहले से आसान होगा। दैनिक भास्कर से बातचीत में नेपाल की रहने वाली सपना ने बताया कि मैं वृंदावन दर्शन करके लौट रही हैं। इसी दौरान पहली बार जनकपुर धाम के लिए ट्रेन शुरू हुई है। उन्होंने कहा, "यह हमारा सौभाग्य है कि पहली बार ट्रेन चल रही है और हम भी पहली यात्रा के यात्री बन गए हैं। पहले सफर में काफी कठिनाइयां होती थीं। भीड़ इतनी रहती थी कि धक्का-मुक्की के बीच बैग तक ठीक से नहीं रख पाते थे। सफर भी काफी परेशानी भरा होता था। अब भगवान की दया से नेपाल जाने के लिए भी अच्छी ट्रेन मिल गई है। जय श्रीराम।" नेपाल की ही रहने वाली सविता थापा गिरी ने बताया कि मैं मथुरा और वृंदावन दर्शन करके लौट रही हैं। गोरखपुर पहुंचने पर उन्हें इस नई ट्रेन के शुरू होने की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि ट्रेन देखकर बहुत खुशी हुई। इसमें चढ़ने में भी आसानी हुई और नई ट्रेन होने के कारण भीड़भाड़ भी नहीं थी। अब भारत के लोग भी आसानी से जनकपुर जा सकेंगे और नेपाल के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने इस पहल के लिए मोदी सरकार और नेपाल की बालेन सरकार का आभार जताया। पहली यात्रा में भावुक हुईं गोरखपुर की डॉ. जयति गोरखपुर की रहने वाली डॉ. जयति ओझा भी इस ट्रेन से जनकपुर धाम की यात्रा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मेरे लिए यह बेहद भावुक करने वाला पल है। पहली बार अयोध्या से जनकपुर धाम के लिए ट्रेन चल रही है और उन्हें इसकी पहली यात्रा में शामिल होने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि भगवान राम ने लंबे इंतजार के बाद अयोध्या में अपने घर में प्रवेश किया। अब अयोध्या से जनकपुर तक पहुंचने में भी ज्यादा वक्त नहीं लगेगा। जिस तरह भगवान राम की बारात जनकपुर पहुंच सकेगी, उसी तरह जनकपुर से सीता मैया को लेकर आने वाले श्रद्धालुओं को भी अयोध्या पहुंचने में आसानी होगी। उन्होंने जनकपुर की महत्ता बताते हुए कहा कि मिथिला की मिट्टी और वैदेही का धाम अपने आप में पवित्र तीर्थ है। अवध और मिथिला के रिश्ते को जोड़ने वाली यात्रा पहली यात्रा में शामिल सिद्धार्थ ने बताया कि भारत से जनकपुर धाम जाने वाली इस ट्रेन का यात्री बनना उनके लिए खुशी का पल है। उन्होंने कहा कि वह इस यात्रा को सामान्य रेल सफर नहीं, बल्कि तीर्थ यात्रा के रूप में देख रहे हैं। जनकपुर माता सीता की जन्मस्थली है। अवध और मिथिला का आपस में गहरा धार्मिक और सांस्कृतिक संबंध है। जिस तरह अयोध्या धाम का महत्व है, उसी तरह जनकपुर भी श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण धाम है। इसी भाव के साथ वह जनकपुर की यात्रा पर निकले हैं। हर शनिवार और सोमवार को चलेगी ट्रेन रेलवे बोर्ड ने जनकपुर धाम (नेपाल) से अयोध्या कैंट के बीच साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मंजूरी दी है। ट्रेन नंबर 15595 प्रत्येक शनिवार को जनकपुर धाम से चलकर गोरखपुर सुबह 3:55 बजे पहुंचेगी और 4:05 बजे अयोध्या के लिए रवाना होगी। वापसी में ट्रेन नंबर 15596 प्रत्येक सोमवार को अयोध्या कैंट से चलकर रात 10:13 बजे गोरखपुर पहुंचेगी और 10:23 बजे जनकपुर धाम के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन जयनगर, सीतामढ़ी, नरकटियागंज, पनियहवा और गोरखपुर होते हुए अयोध्या कैंट तक जाएगी। ट्रेन का प्राथमिक मेंटेनेंस जयनगर में होगा। गोरखपुर और नरकटियागंज में पानी भरने की व्यवस्था की जाएगी, जबकि गोरखपुर में मेंटेनेंस के बजाय CTS की व्यवस्था प्रस्तावित है। इस ट्रेन के शुरू होने से गोरखपुर के यात्रियों को अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे धार्मिक यात्रा करने वाले दोनों देशों के यात्रियों को सुविधा होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User