टॉपअप लोन के नाम पर 14.16 लाख की साइबर ठगी:जौनपुर में बजाज फाइनेंस का कर्मचारी बनकर ठगे, केस दर्ज
जौनपुर में साइबर ठगों ने बजाज फाइनेंस का कर्मचारी बनकर एक व्यक्ति से 14 लाख 16 हजार 500 रुपए ठग लिए। आरोपियों ने कम ब्याज पर टॉपअप लोन दिलाने और पुराना लोन बंद कराने का झांसा दिया। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। कम ब्याज पर टॉपअप लोन का दिया झांसा नेवढ़िया थाना क्षेत्र के पुरा जीवन गांव रहने वाले सुजीत कुमार पटेल के मुताबिक, उनके मोबाइल पर दो अलग-अलग नंबरों से फोन आया। कॉल करने वालों ने खुद को बजाज फाइनेंस का कर्मचारी बताया। उन्होंने कहा कि सुजीत के मौजूदा लोन पर 14 लाख 19 हजार 833 रुपए का टॉपअप ऑफर है। इससे ब्याज दर और दूसरे खर्च कम हो जाएंगे। आरोपियों के बताए तरीके से सुजीत ने अपने SBI खाते में रकम मंगाई। बाद में उन्हें पता चला कि नए लोन की ब्याज दर पहले से ज्यादा है। उन्होंने फोन करने वालों से संपर्क कर लोन बंद कराने की बात कही। इस पर आरोपियों ने पूरी रकम वापस भेजने पर लोन बंद कराने का भरोसा दिया। तीन खातों में जमा कराए 14.16 लाख रुपए इसके बाद सुजीत ने आरोपियों के बताए तीन खातों में रकम जमा की। राजन मौर्या के खाते में 10 लाख 50 हजार, प्रिंस कुमार के खाते में दो लाख 70 हजार और पूजा झा के खाते में 96 हजार 500 रुपए भेजे। इस तरह कुल 14 लाख 16 हजार 500 रुपए ट्रांसफर कर दिए। रकम भेजने के बाद आरोपियों के मोबाइल नंबर बंद हो गए और लोन भी बंद नहीं हुआ। छानबीन में ठगी का पता चलने पर सुजीत ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत की। इसके बाद साइबर क्राइम थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। साइबर क्राइम थाने में FIR दर्ज साइबर सेल प्रभारी विनोद मिश्रा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)