ताज पर्यटकों से मारपीट के वीडियो पर CISF का जवाब:बच्चा सौंपने को लेकर नहीं, एग्जिट से जबरन एंट्री पर हुआ था विवाद, वायरल हुआ था वीडियो
ताजमहल के पूर्वी गेट पर CISF जवानों और पर्यटकों के बीच हुई मारपीट के वायरल वीडियो पर CISF ने अपना पक्ष रखा है। CISF का कहना है कि विवाद बच्चे को उसके परिजनों को सौंपने को लेकर नहीं, बल्कि पर्यटकों के एग्जिट गेट से जबरन स्मारक परिसर में प्रवेश करने के प्रयास को लेकर हुआ था। ड्यूटी पर तैनात जवानों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो पर्यटकों ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसी दौरान विवाद बढ़कर हाथापाई में बदल गया। CISF ने बच्चे को उसके पिता को सौंपते हुए तस्वीरें भी जारी की हैं। इसके साथ ही बच्चे के पिता का एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें वह CISF जवानों का धन्यवाद करते नजर आ रहे हैं। पिता बोले- CISF ने मेरा बच्चा सुरक्षित लौटाया CISF की ओर से जारी वीडियो में बच्चे के पिता कहते दिखाई दे रहे हैं कि उनका बच्चा ताजमहल परिसर में खो गया था। इसकी सूचना CISF को देने के बाद जवानों ने बच्चे को खोजकर उन्हें सौंप दिया। उन्होंने कहा कि CISF ने उनकी बहुत मदद की है। इसके लिए वह जवानों का शुक्रिया अदा करते हैं। धन्यवाद। CISF ने बताया कि बच्चे की पहचान अयान जमाल के रूप में हुई थी। पहचान सत्यापन के बाद उसे उसके पिता जमाल अख्तर, निवासी पश्चिम चंपारण, बिहार को सुरक्षित सौंप दिया गया। एग्जिट गेट से प्रवेश रोकने पर हुआ विवाद CISF के मुताबिक, 22 नवंबर को दोपहर करीब 3:30 बजे ड्यूटी पर तैनात जवानों को करीब चार साल का बच्चा स्मारक परिसर में अकेले घूमता मिला था। जवानों ने उसे अपनी देखरेख में लेकर परिजनों की तलाश शुरू की। इसी दौरान परिवार के कुछ अन्य सदस्यों ने उसी गेट से बिना अनुमति परिसर में प्रवेश करने का प्रयास किया। जवानों ने उन्हें रोका तो धक्का-मुक्की और हाथापाई की कोशिश की गई। CISF ने वायरल वीडियो में लाल रंग की स्वेटशर्ट पहने व्यक्ति को अपना ड्यूटी पर तैनात जवान बताया है। बल के मुताबिक, पर्यटक उसे गले से पकड़कर परिसर में जबरन प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे। जवान को छुड़ाने और स्थिति नियंत्रित करने के लिए अन्य कर्मियों ने न्यूनतम आवश्यक बल का इस्तेमाल किया। बाद में परिजनों ने अपने व्यवहार पर मौखिक रूप से खेद जताया और बच्चे को लेकर चले गए। ASI ने मांगी रिपोर्ट, CISF ने दिए जांच के आदेश वीडियो वायरल होने के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने भी मामले का संज्ञान लिया है। ASI की अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. स्मिता एस. कुमार ने CISF से पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भी जानकारी मांगी है। वहीं, CISF ने मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के लिए आंतरिक जांच के आदेश दिए हैं। कल क्या हुआ था: बच्चे को लेने पहुंचे परिवार और जवानों में हुई थी मारपीट 22 नवंबर को ताजमहल के पूर्वी गेट पर CISF जवानों और चंपारण से आए एक पर्यटक परिवार के बीच विवाद हुआ था। परिवार का कहना था कि उनका करीब तीन साल का बच्चा स्मारक परिसर में बिछड़ गया था और बाद में CISF जवानों के पास मिला। बच्चे को लेने पहुंचे पिता साजिद ने आरोप लगाया था कि जवानों ने उनसे बच्चे का आधार कार्ड मांगा। आधार कार्ड नहीं होने पर उन्होंने मोबाइल में बच्चे की तस्वीरें और जन्म प्रमाणपत्र दिखाया, लेकिन विवाद बढ़ गया। परिवार ने जवानों पर मारपीट का आरोप लगाया था। इस दौरान परिवार का एक युवक बेहोश हो गया था, जिसे अस्पताल ले जाया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)