थाना परिसर में करंट लगने से सिपाही की मौत:कुशीनगर में परिजन बोले-छत पर चढ़ाया गया था, निष्पक्ष जांच मांगी
कुशीनगर में हनुमानगंज थाना परिसर में बीते शनिवार को हाईटेंशन तार की चपेट में आने से सिपाही दीपक गुप्ता की हुई मौत के मामले में अब पुलिस अधिकारियों के बयान पर सवाल उठने लगे हैं। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि दीपक को कपड़े सुखाने के लिए नहीं, बल्कि दीपावली पर मंदिर में लाइट लगाने के लिए छत पर चढ़ाया गया था। परिजनों के मुताबिक, उसे लकड़ी की सीढ़ी के सहारे मंदिर की छत पर पहुंचाया गया था। इस मामले में अधिकारियों के अलग-अलग बयान सामने आने के बाद परिजनों ने एसपी से मुलाकात कर घटना पर संदेह जताया और निष्पक्ष जांच की मांग की।
मृतक सिपाही के चचेरे भाई राम प्रसाद गुप्ता ने बताया कि दीपक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी सही जानकारी सामने आनी चाहिए। उनका आरोप है कि घटना को लेकर पहले सीओ की ओर से कपड़े सुखाने के दौरान करंट लगने की बात कही गई थी, जबकि उसे दीपावली पर मंदिर में लाइट लगाने के लिए छत पर चढ़ाया गया था ।
अधिकारियों के अलग-अलग बयानों से परिवार में नाराजगी है। परिजनों ने पूरे घटनाक्रम की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एसपी ने निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा
एसपी से मुलाकात के दौरान परिजनों ने अपनी आपत्तियां और संदेह सामने रखे। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि सिपाही की मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकें। एसपी ने परिजनों को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जांच के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिया है। मृतक के चचेरे भाई राम प्रसाद गुप्ता ने बताया कि एसपी साहब ने भी स्वीकार किया कि सिपाही को लाईट लगाने के लिए ही छत पर चढ़ाया गया था, साथ ही उन्होंने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। गौरतलब है कि बीते शनिवार को हनुमानगंज थाना परिसर में मंदिर की छत पर मौजूद सिपाही दीपक गुप्ता 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर मौके पर मृत पड़ा मिला था। दीपक वर्ष 2025 बैच का सिपाही था। उसकी मौत के बाद अब परिजनों के आरोपों से घटना की परिस्थितियों को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)