तीसरी शादी कर ठगने वाली लुटेरी दुल्हन समेत 6 अरेस्ट:16 लाख लेकर गायब होने वाली फूटकर रोई, 3 महीने में की दो शादी
तीसरी शादी कर 16 लाख का माल पार करने वाली लुटेरी दुल्हन प्रगति विश्वकर्मा समेत छह आरोपियों को बर्रा पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी मौसी और मामी फरार है, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई हैं। लुटेरी दुल्हन ने एक साल में दो शादियां की थी। दोनों पतियों को छोड़ने के बाद प्रगति ने बर्रा के रहने वाले सर्वेयर विशाल विश्वकर्मा से तीसरी शादी की थी। मामले में प्रगति के माता-पिता समेत परिवार के अन्य सदस्य भी आरोपी हैं। 18 मई 2025 को हुई थी शादी बर्रा थाना प्रभारी क्षितिज कुमार सिंह ने बताया कि डी-ब्लाक विश्व बैंक निवासी आटो सर्वेयर विशाल विश्वकर्मा की शादी 18 मई 2025 को जूही लाल कालोनी निवासी प्रगति से गोविंद नगर स्थित करन बैंक्वेट हाल में हुई थी। विशाल का आरोप है कि शादी के करीब एक महीने बाद प्रगति 15 लाख रुपये के जेवर और एक लाख रुपये लेकर मायके चली गई। काफी तलाश और छानबीन के बाद उसे जानकारी हुई कि प्रगति इससे पहले भी दो शादियां कर चुकी थी। यह बात उससे छिपाई गई थी। तीन महीने में दो शादियां की थी जांच में सामने आया कि प्रगति की पहली शादी 20 मार्च 2017 को जूही के बारादेवी निवासी सोनू विश्वकर्मा से हुई थी। इसके बाद 23 जून 2017 को उसने इटावा निवासी सुमित बाथम से दूसरी शादी कर ली थी। पूर्व की शादियों की जानकारी मिलने पर विशाल ने आरोपियों से जवाब मांगा। आरोप है कि 13 अगस्त 2026 को वह अपने छोटे भाई के साथ प्रगति के पिता अशोक कुमार विश्वकर्मा के घर पहुंचा तो परिवार के लोगों ने उसके साथ मारपीट की। प्रगति की मां ने मामला दबाने के नाम पर 20 लाख रुपये मांगे और रुपये न देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। गोद लेने वाले माता-पिता समेत सगी मां शिकंजे में विशाल की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। इसके बाद प्रगति उसे गोद लेने वाले पिता अशोक विश्वकर्मा, मां सीमा, सगी मां सोमवती, मौसी कोमल और मौसा शरद सैनी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक अशोक और सीमा रिश्ते में प्रगति के मौसा-मौसी भी हैं। वहीं, एक अन्य मौसी ललिता और मामी गोमती विश्वकर्मा की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार सभी छह आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)